Shahid Afridi Birthday: शाहिद अफरीदी महान तो नहीं, लेकिन ये 5 रिकॉर्ड कभी गुमनाम नहीं होने देंगे

Pakistan cricketer Shahid Afridi Birthday: पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी का आज जन्मदिन है। भले ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हों लेकिन उनके नाम कई खास रिकॉर्ड दर्ज हैं।

Shahid Afridi
शाहिद अफरीदी  |  तस्वीर साभार: AP, File Image

नई दिल्ली: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी का आज 45वां जन्मदिन है। उनका जन्म 1 मार्च 1975 को पाकिस्तान के खैबर एजेंसी में हुआ था। अफरीदी पाकिस्तान के सबसे विवादित खिलाड़ियों में से एक हैं। वह अपने खेल से ज्यादा विवादों के कारण चर्चा में रहे। उन्होंने स्पिन गेंदबाजी के साथ-साथ अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट दुनिया में खास पहचना बनाई। वह किसी भी परिस्थिति में गेंद को बाउंड्री के बाहर मारने की काबिलियत रखते थे। अफरीदी ने 27 टेस्ट मैच खेले जिसमें उन्होंने 36.51 की औसत से 1716 रन बनाए। वहीं उन्होंने 398 वनडे मैच में 23.58 की औसत से 8064 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 99 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों 17.92 की औसत से 1416 रन बनाए। उन्होंने तीनों फॉर्मेट क्रमश: 48, 395 98 विकेट चटकाए। 

शाहिद अफरीदी का उम्र विवाद

अफरीदी का पिछले साल उम्र विवाद सामने आया था। दरअसल, उन्होंने आत्मकथा ‘गैम चैंजर’ में माना कि वह अपने क्रिकेट करियर में उम्र छुपाते हुए आए थे। उन्होंने लिखा कि आधिकारिक दस्तावेजों में उनकी गलत उम्र दर्ज है। उन्होंने आत्मकथा में लिखा कि 1980 उनके जन्म का सही साल नहीं है। मालूम हो कि आधिकारिक दस्तावेज में अफरीदी का जन्म एक मार्च 1980 दर्ज है। अफरीदी ने 1996 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। अफरीदी के डेब्यू के समय उनकी उम्र 16 साल बताई गई थी। अफरीदी ने अपनी आत्मकथा में लिखा कि डेब्यू के वक्त तब मैं 16 का नहीं बल्कि 19 साल का था। मेरा जन्म 1975 में हुआ है। अधिकारियों ने मेरी उम्र गलत दर्ज की थी।

जब बेटियों को लेकर घिरे अफरीदी

इसके अलावा अफरीदी पिछले साल उस समय विवादों में फंस गए थे जब उन्होंने अपनी बेटियों के आउटडोर गेम्स खेलने पर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने अपनी बेटियों को क्रिकेट या कोई अन्य खेल खेलने की इजाजत 'सामाजिक और धार्मिक कारणों' से नहीं दी थी। उन्होंने कहा था, 'नारीवादी मेरे फैसले के बारे में कुछ भी कह सकते हैं। बेटियों को कोई भी खेल खेलने की इजाजत है जब तक वह घर के अंदर है। क्रिकेट? नहीं, मेरी बेटियों के लिए यह खेल नहीं है। उन्हें कोई भी इनडोर खेल खेलने की इजाजत है, लेकिन मेरी बेटियां पब्लिक स्पोर्ट में शामिल नहीं सकतीं।'

अफरीदी ने कई बार लिया संन्यास 

शाहिद अफरीदी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से कई बार संन्यास का ऐलान किया। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साल 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला। यह एक टी20 मैच थे। साल 1988 में टेस्ट डेब्यू करने वाले अफरीदी ने 2006 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। लेकिन साल 2010 में वह दोबारा टेस्ट टीम में लौट आए और वो भी बतौर कप्तान। 4 साल बाद उन्होंने इस प्रारूप में वापसी की तो उन्होंने सिर्फ एक टेस्ट खेला।

साल 2011 विश्व कप के बाद भी उन्होंने  संन्यास की घोषणा की थी मगर कुछ ही महीनों के अंदर वह टीम में लौट आए। इसके बाद उन्होंनने 2015 का विश्व कप और 2016 का टी20 विश्व कप भी खेला। भले ही वह आज पाकिस्तान क्रिकेट टीम का हिस्सा न हों लेकिन उनके नाम कई ऐसे रिकॉर्ड्स दर्ज हैं जो उन्हें एक खास क्रिकेटर बनाते हैं। क्या आप जानते हैं अफरीदी के करियर से जुड़े ये 5 दिलचस्प रिकॉर्ड?

  1. अफरीदी के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का  रिकॉर्ड दर्ज है। वह 351 छक्कों के साथ टॉप पर हैं। उनके बाद दूसरे नंबर पर श्रीलंका के सनथ जयसूर्या हैं जिन्होंने 270 छक्के जमाए हैं। 
  2. अफरीदी के नाम सबसे तेज स्पिन गेंद डालने का विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में टिम साउदी को 134 किलोमीटर प्रतिघंटे की स्पीड की स्पिन गेंद डाली थी। इस गेंद पर साउदी एलबीडबल्यू आउट हो गए थे।
  3. शाहिद अफरीदी ने अपने वनडे करियर के दूसरे मैच में धमाल दिया था जिससे वह रातों-रात एक बड़ा नाम बन गए। उन्होंने 1996 में श्रीलंका के खिलाफ महज 37 गेंदों में सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था जो कई सालों तक कोई नहीं तोड़ सका। हालांकि, अब यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के नाम है।डिविलियर्स ने 31 गेंद पर शतक मारा था।
  4. क्रिकेट जगत में फैंस में शाहिद अफरीदी को बूम-बूम के नाम से पुकारते हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्हें यह नाम पूर्व कमेंटेटर और मौजूदा भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री ने दिया था। शास्त्री ने अफरीदी को यह नाम 45 गेंदों में शतक मारने के बाद दिया था।
  5. अफरीदी वनडे क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा पारियों में गेंदबाजी करने वाले खिलाड़ी हैं। 
     

 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर