शाहिद अफरीदी ने की पुष्टि, इस पाकिस्‍तानी क्रिकेटर से होने वाली है उनकी बेटी की सगाई

Shahid Afridi daughter: शाहिद अफरीदी ने पुष्टि कर दी है कि उनकी बेटी की सगाई युवा तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी से होगी। अफरीदी ने कहा कि जल्‍द ही औपचारिक घोषणा की जाएगी।

shahid afridi and aqsa
शाहिद अफरीदी और अक्‍सा 
मुख्य बातें
  • शाहिद अफरीदी ने कहा कि उनकी बेटी की सगाई शाहीन से होगी
  • अफरीदी ने कहा कि सगाई की औपचारिक घोषणा जल्‍द की जाएगी
  • अफरीदी ने बताया कि शाहीन शाह अफरीदी के घर से उनकी बेटी के लिए प्रस्‍ताव आया था

कराची: पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी की बेटी  अक्सा की सगाई उनकी राष्ट्रीय टीम के मौजूदा तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी से होगी। अफरीदी ने रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शाहीन के परिवार ने औपचारिक तौर पर उनकी बेटी से शादी के लिए संपर्क किया था। अफरीदी ने कहा, 'दोनों परिवार इस बात पर सहमत है और मेरी बेटी शाहीन से सगाई करेगी।' उन्होंने कहा कि सगाई की औपचारिक घोषणा जल्द ही की जाएगी।

शाहीन के पिता अयाज खान ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने अफरीदी के परिवार को उनके बेटे के लिए प्रस्ताव भेजा था और इसे स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने कहा, 'हम बहुत खुश हैं और दोनों परिवार पिछले कुछ महीनों से इसे लेकर चर्चा कर रहे थे। उम्मीद है कि तारीखें का फैसला भी जल्द ही हो जाएगा।' अफरीदी और शाहीन दोनों पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में खेल रहे थे, जिसे कोविड-19 के कारण स्थगित कर दिया गया।

एक सूत्र ने बताया कि इस प्रस्ताव पर पिछले दो वर्षों से चर्चा चल रही थी। मालूम हो कि शाहिद अफरीदी की पांच बेटियां जिनके नाम- अक्सा, अंशा, अजवा, अस्मारा और अरवा है। अक्सा पांचों में सबसे बड़ी हैं। वह फिलहाल पढ़ाई कर रही हैं। कहा जा रहा है कि पढ़ाई पूरी होने के बाद ही सगाई होगी।

शाहीन अफरीदी का करियर

शाहीन शाह अफरीदी ने दिसंबर, 2018 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज किया था। शाहीन ने बेहद कम अरसे में अपने प्रदर्शन से खूब प्रभावित किया है। उन्होंने अब तक 15 टेस्ट, 22 वनडे और 21 टी20 अंतरराष्ट्री खेले हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 48, 45 और 24 विकेट चटकाए हैं। शाहीन ने हाल ही में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।

वह टी20 क्रिकेट में 100 विकेट हासिल करने वाले सबसे युवा तेज गेंदबाज बन चुके हैं। शाहीन ने यह कारनामा 20 साल और 326 दिन की उम्र में अंजाम दिया। उन्होंने भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 23 साल और 57 दिन की उम्र में इस उपलब्धि को हासिल किया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर