टीम इंडिया ने रचा इतिहास, द. अफ्रीका को मात देकर तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का वर्ल्ड रिकॉर्ड

क्रिकेट
Updated Oct 13, 2019 | 13:46 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पुणे टेस्ट में मात देकर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड आज तक कोई भी टीम नहीं बना पाई है।

Virat Kohli
भारतीय टीम  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • पुणे टेस्ट जीतते ही भारत ने इतिहास रच दिया है
  • भारत ने पुणे टेस्ट जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली
  • भारत की घरेलू सरजमीं पर यह 11वीं टेस्ट सीरीज जीत है

पुणे: भारत ने पुणे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका को पारी और 137 रन से मात देकर तीन मैचों की सीरीज पर 2-0 के अंतर से कब्जा कर लिया है। टीम इंडिया की घरेलू सरजमीं पर यह रिकॉर्ड लगातार 11वीं टेस्ट सीरीज जीत है। भारतीय टीम ने यह सीरीज जीतकर एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। यह ऐसा कारनामा है जो आज तक कोई भी टीम अंजाम नहीं दे पाई है। 

घरेलू सरजमीं पर लगातार सीरीज जीतने का यह सिलसिला साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरु हुआ था जो फिलहाल जारी है। साल 2013 से अब तक भारत ने घर पर ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी कई टीमों को हराया है। आखिरी बार भारत को उसी की सरजमीन पर इंग्लैंड की टीम ने साल 2012 में हराया था।

भारत से पहले लगातार सबसे ज्यादा टेस्ट सीरीज जीतने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलया के नाम था। ऑस्ट्रेलिया ने दो बार घर पर लगातार 10 टेस्ट सीरीज जीती थी लेकिन कंगारू टीम कभी 11 टेस्ट सीरीज लगातार नहीं जीत सकी। साल 1994 से 2001 के बीच और 2004 से 2008 के बीच ऑस्ट्रेलिया ने घरेलू मैदान पर लगातार दस टेस्ट सीरीज जीती थीं।

घरेलू जमीन पर सबसे ज्यादा टेस्ट सीरीज जीतने वाली टीमें

11 - भारत (2013-Present)*

10 - ऑस्ट्रेलिया (1994-2001)

10 - ऑस्ट्रेलिया (2004-2008)

भारत की घर पर 11 टेस्ट सीरीज जीत

साल                   बनाम            अंतर 

2012/13           ऑस्ट्रेलिया        4-0

2013/14            वेस्टइंडीज        2-0

2015/16            द. अफ्रीका      3-0

2016/17            न्यूजीलैंड         3-0

2016/17            इंग्लैंड             4-0

2016/17            बांग्लादेश        1-0

2016/17           ऑस्ट्रेलिया        2-1

2017/18           श्रीलंका            1-0

2018                बांग्लादेश         1-0

2018/19           वेस्टइंडीज        2-0

2019/20           दक्षिण अफ्रीका  2-0*

पुणे टेस्ट मैच ने भारत ने दक्षिण अफ्रीका को फॉलोऑऩ दिया था। कप्तान विराट कोहली ने मेहमान टीम को चौथे दिन फॉलोऑन देने का निर्णय किया। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 601 रन पर घोषित कर दी थी। इसके बाद मेहमान टीम को पहली पारी में 275 रन पर ढेर करके 326 रन की बढ़त हासिल कर ली।

दक्षिण अफ्रीकी पारी के ढहते ही अंपायर्स ने तीसरे दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी। ऐसे में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को फॉलोऑन देने या न देने का फैसला करने के लिए पर्याप्त समय मिल गया। मैच के चौथे दिन विराट ने द. अफ्रीका को फॉलोऑन देने की घोषणा कर दी। फॉलोऑन खेलते हुए अफ्रीकी टीम चौथे दिन 189 रन पर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीका को पहली बार भारतीय टीम ने फॉलोऑन दिया था। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर