Virat Kohli ने इंजीनियर के चाय के दावे पर तोड़ी चुप्पी, बोले- अनुष्का का नाम मत घसीटो

क्रिकेट
Updated Dec 01, 2019 | 10:55 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पूर्व खिलाड़ी फारुख इंजीनियर के दावे पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा का नाम मत घसीटो।

kohli anushka
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा।  |  तस्वीर साभार: Instagram

नई दिल्ली: भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पूर्व विकेटकीपर फारुख इंजीनियर के विवादित दावे पर चुप्पी तोड़ी है। इंजीनियर ने हाल पांच सदस्यीय चयन पैनल को आड़े हाथों लेते हुए दावा किया था उन्होंने इनमें से एक सिलेक्टर को कहोली की पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को चाय परोसते हुए देखा था। कोहली ने इस मुद्दे पर कहा कि उनकी पत्नी आसान निशाना बनती हैं। उन्होंने कहा कि वह इन आरोपों से काफी हैरान थे और उन्होंने कहा कि अनुष्का का नाम इसमें घसीटना सही नहीं था।

कोहली ने इंडिया टुडे से कहा, 'वह (अनुष्का) श्रीलंका के खिलाफ एक विश्व कप मैच के लिए आई थीं। फेमिली बॉक्स और सिलेक्टर्स बॉक्स अलग था और उस समय बॉक्स में कोई सिलेक्टर नहीं था। वह दो दोस्तों के साथ आईं। जैसा कि मैंने कहा कि वह मशहूर हैं और जब लोग उनका नाम लेते हैं तो सभी का ध्यान इस पर जाता है।' उन्होंने कहा, 'जब आप सिलेक्टर्स के बारे में कुछ जिक्र करना चाहते तो ऐसा करो लेकिन अनुष्का का नाम इसमें क्यों घसीटते हो।'

कोहली ने आगे कहा कि उनकी पत्नी अभिनेत्री अनुष्का शर्मा को लेकर भी कई तरह की अफवाहें होती हैं जो एजेंडा के तहत होती हैं। उन्होंने कहा, 'आप जानते हैं कि अनुष्का के बारे में क्या कहा जाता है। मुझे लगता है कि इनमें से काफी चीजें एजेंडा आधारित होती हैं। मुझे नहीं लगता कि क्या और कैसे, लेकिन इनमें झूठ के सिवाए कुछ नहीं होता। यह सिर्फ एजेंडा के अलावा और कुछ नहीं हो सकता।' उन्होंने कहा, 'अगर यह रैंडम है तो, एक शख्स इस बारे में लिखेगा और दूसरे उस पर ध्यान नहीं देंगे क्योंकि यह महत्वपूर्ण नहीं है।'

गौरतलब है कि भारत के लिए 1961 से 1975 के बीच 46 टेस्ट और पांच वनडे मैच खेलने वाले फारूख ने एक इंटरव्यू में चयन पैनल का उपहास करते हुए कहा था, 'टीम चयन की प्रक्रिया में विराट कोहली की बहुत अहम भूमिका है जो एक बहुत अच्छी बात है। लेकिन चयनकर्ताओं की क्या खूबी है? सभी चयनकर्ताओं ने मिलकर कुल 10-12 टेस्ट मैच खेले होंगे।' उन्होंने कहा था, 'मैंने इनमें से एक चयनकर्ता को विश्व कप के दौरान पहचाना भी नहीं था। मैंने किसी से पूछा 'यह कौन था जिसने भारत का ब्लेजर पहन रखा था, तो उसने बताया कि यह एक चयनकर्ता है।' वे सिर्फ अनुष्का शर्मा (विराट की पत्नी) को चाय के कप दे रहे थे।'

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर