Fastest ball in IPL: एनरिच नॉर्खिया ने फेंकी आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद [VIDEO]

Andre Nortje fastest ball in IPL history: दिल्ली और राजस्थान के बीच बुधवार रात दुबई में खेले गए आईपीएल 2020 के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के दक्षिण अफ्रीकी पेसर आंद्रे नॉर्खिया ने सबसे तेज गेंद फेंकी।

Anrich Nortje fastest ball
एनरिच नॉर्खिया ने फेंकी सबसे तेज गेंद (BCCI/IPL)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • आंद्रे नॉर्खिया ने फेंकी आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद
  • दक्षिण अफ्रीकी पेसर ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए किया सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
  • राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बने 'मैन ऑफ द मैच'

दुबई में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच बुधवार को एक शानदार आईपीएल मुकाबला खेला गया। इस सीजन में ये दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ने आई थीं। पिछली बार दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को मात दी थी और इस बार भी वैसा ही हुआ। दिल्ली ने राजस्थान को 13 रन से मात देते हुए अंक तालिका में फिर से शीर्ष पायदान पर कब्जा जमा लिया। वैसे तो इस मैच में दिल्ली के कई खिलाड़ियों ने हीरो की भूमिका निभाई लेकिन 'मैन ऑफ द मैच' दक्षिण अफ्रीकी पेसर एनरिच नॉर्खिया बने जिन्होंने आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 161 रनों का स्कोर खड़ा किया। स्कोर ज्यादा बड़ा नहीं था लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों ने इसे भी विशाल स्कोर जैसा बना दिया। दिल्ली के बॉलर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान को 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 148 रन ही बनाने दिए।

इसमें सबसे अहम भूमिका निभाई साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्खिया ने जिनको आईपीएल में बैकडोर एंट्री मिली थी। इस गेंदबाज ने 4 ओवर में 33 रन देकर दो विकेट लिए और दोनों ही विकेट धाकड़ खिलाड़ियों के थे। उन्होंने जोस बटलर और रॉबिन उथप्पा को बोल्ड किया।

सबसे तेज गेंद फेंक कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा

एनरिच नॉर्खिया ने राजस्थान की पारी के तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद फेंकी। इस गेंद की रफ्तार थी 156.22 किलोमीटर प्रति घंटा। लेकिन इंग्लैंड के धुरंधर ओपनर जोस बटलर ने इस गेंद पर चौका जड़ दिया। नॉर्खिया ने अगली गेंद फिर पूरी रफ्तार से फेंकी। इस बार 155.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी और बटलर चूक गए। वो बोल्ड हुए और राजस्थान को मैच में पहला व करारा झटका लगा।

ये हैं जोस बटलर के विकेट का वीडियो

आईपीएल इतिहास की 5 सबसे तेज गेंदें, सभी दक्षिण अफ्रीकी

इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में कई गेंदबाजों ने अब तक 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदें फेंकी हैं लेकिन एनरिच नॉर्खिया ने एक ही ओवर में दो गेंदें आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद बना दीं। जबकि इस मामले में तीसरे नंबर पर भी उन्हीं का नाम है। इससे दिलचस्प बात यहां पर ये है कि आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 5 गेंदें फेंकने के सभी रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों के नाम ही दर्ज हैं। ये हैं टॉप-5..

1. एनरिच नॉर्खिया - 156.2 KM/hr

2. एनरिच नॉर्खिया - 155.2 KM/hr

3. एनरिच नॉर्खिया - 154.7 KM/hr

4. डेल स्टेन - 154.4 KM/hr

5. कगिसो रबाडा - 154.2 KM/hr

राजस्थान रॉयल्स के ट्वीट का दिया करारा जवाब

राजस्थान रॉयल्स ने 11 अक्टूबर को एक ट्वीट किया था जब जोफ्रा आर्चर ने इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी थी। उनकी गेंद की रफ्तार 153 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इस फेहरिस्त में दूसरे तीसरे और चौथे नंबर पर भी आर्चर का नाम दर्ज था लेकिन बुधवार को जब नॉर्खिया ने इस सीजन की तीन तेज गेंदें एक ही मैच में कर दीं तो दिल्ली कैपिटल्स ने रैंकिंग की एक फोटो ट्वीट कर राजस्थान रॉयल्स को जवाब दे दिया।

दिल्ली की टीम आज आईपीएल 2020 की अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है तो इसकी एक वजह उसके शानदार गेंदबाज भी हैं। खासतौर पर कगिसो रबाडा और एनरिच नॉर्खिया की दक्षिण अफ्रीकी जोड़ी जिन्होंने मिलकर अब तक 28 विकेट लिए हैं।

इसमें 10 विकेट एनरिच नॉर्खिया के नाम दर्ज हैं जबकि पर्पल कैप की लिस्ट में लंबे समय से शीर्ष पर बने रहने वाले उनके साथी कगिसो रबाडा ने 8 मैचों में 18 विकेट चटकाए हैं। रबाडा ने इस दौरान लसिथ मलिंगा सहित कई दिग्गज गेंदबाजों के रिकॉर्ड तोड़े हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर