सचिन तेंदुलकर के बेटे को आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने खरीदा, अर्जुन का थैंक्‍यू वीडियो हुआ वायरल

Arjun Tendulkar: टीम इंडिया के पूर्व महान बल्‍लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को मुंबई इंडियंस ने उनकी बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा है। अर्जुन पहली बार आईपीएल में खेलते हुए नजर आएंगे।

arjun tendulkar
अर्जुन तेंदुलकर 
मुख्य बातें
  • अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस ने बेस प्राइस में खरीदा
  • अर्जुन तेंदुलकर ने एक वीडियो के जरिये फ्रेंचाइजी को धन्‍यवाद दिया
  • अर्जुन तेंदुलकर पहली बार आईपीएल में खेलते हुए नजर आएंगे

चेन्‍नई: महान सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन के क्रिकेट करियर में गुरुवार को बड़ा बदलाव आया जब उन्‍हें आईपीएल नीलामी में मुंबई इंडियंस ने बेस प्राइस पर खरीदा। चेन्‍नई में आखिरी नाम अर्जुन तेंदुलकर का आया था। जहीर खान ने हाथ उठाकर अर्जुन को मुंबई इंडियंस में शामिल करा दिया। अर्जुन तेंदुलकर ने एक वीडियो के जरिये मुंबई पलटन, कोच, मालिक और सपोर्ट स्‍टाफ को धन्‍यवाद दिया कि उन पर भरोसा जताया गया।

मुंबई इंडियंस में सचिन तेंदुलकर-अर्जुन तेंदुलकर की पहली पिता-पुत्र की जोड़ी होगी। सचिन तेंदुलकर ने पहले इस फ्रेंचाइजी में बतौर खिलाड़ी योगदान दिया और इसके बाद वह युवाओं के मेंटर बने। अर्जुन पिछले दो-तीन सीजन से नेट गेंदबाज के रूप में फ्रेंचाइजी के साथ काम कर रहे हैं, तो उम्‍मीद ही थी कि उन्‍हें मुंबई इंडियंस ही खरीदेगी।

मुंबई इंडियंस ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'स्‍टेडियम से पहले वानखेड़े में बॉलब्‍वॉय। पिछले सीजन में सपोर्ट बॉलर। पहले टीम प्‍लेयर अब ब्‍लू हार्ट। ये शो टाइम है अर्जुन।' अर्जुन का वीडियो फ्रेंचाइजी ने शेयर किया, 'मैं कोच, मालिकों और सपोर्ट स्‍टाफ का शुक्रियाअदा करना चाहता हूं, जिन्‍होंने मुझमें भरोसा जताया।'

अर्जुन को शैली के आधार पर चुना गया: जयवर्धने

मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने ने कहा कि फ्रेंचाइजी ने अर्जुन को उसकी शैली के आधार पर चुना है। जयवर्धने ने नीलामी के बाद वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'हमने उसे उसकी शैली के आधार पर चुना है। मेरा मतलब है कि उसके पीछे सचिन तेंदुलकर के कारण बड़ा टैग लगा हुआ है, लेकिन भाग्‍य की बात यह है कि वह गेंदबाज पहले है। इसलिए मुझे लगता है कि सचिन को बहुत गर्व होगा। यह अर्जुन के लिए सीखने वाली प्रक्रिया होगी। वह मुंबई के लिए अब खेलना शुरू करेगा और फ्रेंचाइजी के साथ उसे नई चीजें सीखने को मिलेंगी।'

पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने कहा कि अर्जुन तेंदुलकर कड़ी मेहनत करने वाला खिलाड़ी है। उन्‍होंने कहा, 'जहां तक मुझे पता है, हां मैंने उसके साथ नेट्स पर काफी समय बिताया है। उसे कुछ सिखाने की कोशिश की है और वो अच्‍छी तरह उसने करके दिखाई। देखिए उस पर हमेशा सचिन तेंदुलकर के नाम का अतिरिक्‍त दबाव रहेगा, जिसके साथ ही उसे जीना होगा। मगर हमें उम्‍मद है कि हमारी टीम का माहौल उसके लिए मददगार साबित होगा।' 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर