DC vs MI: मुंबई इंडियन्स पर पड़ी दोहरी मार, हार के बाद कप्तान रोहित पर हुआ लाखों का जुर्माना

Rohit Sharma Fined for Slow Over rate: मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में टीम के स्लो ओवर रेट की वजह से लाखों का जुर्माना हुआ है। 

Rohit-Sharma-Rishabh-Pant
रोहित शर्मा और ऋषभ पंत( साभार IPL) 
मुख्य बातें
  • मुंबई इंडियन्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में की स्लो ओवर रेट से गेंदबाजी
  • रोहित शर्मा को टीम की हार के बाद उठाना पड़ा इसका खामियाजा
  • मैच रेफरी ने कप्तान के ऊपर किया 12 लाख रुपये का जुर्माना

मुंबई: पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स ने लगातार दसवें सीजन पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम अपना पहला मैच जीतने में नाकाम रही है। रविवार को ब्रेबॉन स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने ईशान किशन की नाबाद 81 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 177 रन का स्कोर खड़ा किया था। 

ललित यादव और अक्षर पटेल ने छीनी जीत
जीत के लिए मिले 178 रन के लक्ष्य को दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने ऑलराउंडर ललित यादव और अक्षर पटेल के बीच सातवें विकेट के लिए हुई 30 गेंद में नाबाद 75 रन की पारी की बदौलत 10 गेंद और 4 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। मुंबई के गेंदबाजों की आखिरी ओवरों में जमकर धुनाई हुई। ललित यादव ने 38 गेंद में नाबाद 48 और अक्षर पटेल ने 17 गेंद में नाबाद 38 रन की पारी खेली। 

स्लो ओवर रेट के लिए हुआ कप्तान रोहित पर जुर्माना
मुंबई इंडियन्स के ऊपर हार के बाद एक और गाज गिरी। मैच रेफरी ने टीम को स्लो ओवर रेट का दोषी पाया और इसके लिए कप्तान रोहित शर्मा के ऊपर 12 लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल द्वारा जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, मुंबई इंडियन्स की टीम को आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 27 मार्च को मुंबई के ब्रेबॉन स्टेडियम में खेले गए मैच में धीमी गति से गेंदबाजी करने का दोषी पाया गया है। आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के स्लो ओवर रेट के नियम के तहत मुंबई इंडियन्स का यह सीजन में पहला अपराध है। ऐसे में मुंबई इंडियन्स के कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर