IPL 2022: पहले ही मैच में चला सवा पंद्रह करोड़ के खिलाड़ी का बल्ला, धमाकेदार अर्धशतक जड़कर की सचिन तेंदुलकर की बराबरी 

ईशान किशन ने रविवार को आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतक जड़कर सचिन तेंदुलकर के मुंबई इंडियन्स के लिए खेलते हुए बनाए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

Ishan-Kishna-fifty
अर्धशतक जड़ने के बाद दर्शकों का अभिवादन करते ईशान किशन( साभार IPL) 
मुख्य बातें
  • ईशान किशन को 15.25 करोड़ रुपये खर्च करके आईपीएल नीलामी में किया था अपने नाम
  • नए सीजन की ईशान किशन ने धमाकेदार अर्धशतक जड़कर शुरुआत की है
  • इसके साथ ही उन्होंने सचिन तेंदुलकर के मुंबई इंडियन्स के लिए बनाए एक रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली

मुंबई: आईपीएल में पांच बार की खिताब विजेता मुंबई इंडियन्स ने रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ नए सीजन का आगाज करने उतरी। दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऐसे में मुंबई की पलटन पहले बल्लेबाजी करने उतरी औक 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 177 रन का स्कोर खड़ा किया। ईशान किशन ने 48 गेंद में नाबाद 81 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के जड़े। 
 
मुंबई के लिए पारी की शुरुआत करने कप्तान रोहित शर्मा और 15.25 करोड़ में नीलाम हुए ईशान किशन की जोड़ी उतरी। दोनों ने धमाकेदार अंदाज में शुरुआत करते हुए 5.5 ओवर में मुंबई को 50 रन के पार पहुंचा दिया। 35 गेंद में दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी हो गई थी। 

34 गेंद में पूरा किया अर्धशतक 
नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर 68 के स्कोर पर यह साझेदारी टूट गई। रोहित शर्मा 32 गेंद में 41 रन बनाकर कुलदीप यादव की गेंद पर आउट हुए। रोहित के पवेलियन लौटने के बाद ईशान किशन ने दूसरे छोर पर अंत तक टिके रहे। उन्होंने 34 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। पारी की शुरुआत करने आए ईशान किशन अंत तक नाबाद रहे और 48 गेंद में 81 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। 

मुंबई के लिए खेली लगातार तीसरी अर्धशतकीय पारी 
पनी धमाकेदार अर्धशतकीय पारी के साथ ही ईशान किशन ने सचिन तेंदुलकर के मुंबई इंडियन्स के लिए बतौर ओपनर खेलते हुए बनाए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। ईशान सचिन तेंदुलकर के बाद मुंबई इंडियन्स के लिए लगातार तीन अर्धशतक जड़ने वाले पहले ओपनर और पहले भारतीय बन गए हैं। इन दो खिलाड़ियों के अलावा और कोई भारतीय खिलाड़ी मुंबई इंडियन्स के लिए ऐसा नहीं कर सका है। 

राजस्थान और हैदराबाद के खिलाफ पचासा जड़कर किया था 14वें सीजन का अंत
ईशान ने पिछले सीजन में मुंबई इंडियन्स के लिए खेले आखिरी दो मैचों में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 50* और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 84 रन बनाए थे। रविवार को उन्होंने नए सीजन का आगाज भी 81 रन की नाबाद पारी खेलकर किया है। इसके साथ ही उन्होंने यह साबित कर दिया है कि मुंबई ने उनके ऊपर 15.25 करोड़ का दांव लगाकर कोई गलती नहीं की है। 

युवराज की तरह किया सीजन का आगाज 
अपनी पारी के दौरान ईशान किशन ने युवराज सिंह के साल 2014 में बनाए रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली। युवराज सिंह ने साल 2014 में सबसे ज्यादा कीमत पर नीलाम होने के बाद सीजन की शुरुआत अर्धशतक के साथ की थी। ऐसा ही 8 साल बाद ईशान किशन ने किया है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर