लाइमलाइट से दूर धोनी ने मनाया जन्मदिन, दोस्त के साथ किया बर्थ-डे केक शेयर, देखें फोटोज

MS Dhoni 39th Birthday celebration: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी ने 7 जुलाई को अपना 39वां जन्‍मदिन मनाया। उनके बर्थडे सेलिब्रेशन की कुछ फोटोज सामने आई जो कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

ms dhoni
एमएस धोनी और साक्षी धोनी 
मुख्य बातें
  • एमएस धोनी ने 7 जुलाई 2020 को अपना 39वां जन्‍मदिन मनाया
  • हार्दिक और क्रुणाल पांड्या बड़ौदा से रांची पहुंचे और जश्‍न में शामिल हुए
  • धोनी सोशल मीडिया से दूर हैं, फैंस को जश्‍न मनाने के समय की उनकी फोटोज देखने को नहीं मिली थी

रांची: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी ने 7 जुलाई 2020 को अपना 39वां बर्थडे मनाया। धोनी ने परिवार वालों के साथ अपने जन्‍मदिन का जश्‍न मनाया। चूकि धोनी सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं है, लिहाजा उनके फैंस को अपने थाला के बर्थडे के जश्‍न मनाने की झलक देखने को नहीं मिली, जो रांची में मनाया गया। टीम इंडिया के ऑलराउंडर हार्दिक और क्रुणाल पांड्या बड़ौदा से रांची पहुंचे और जश्‍न में शामिल हुए। दोनों ही इसके बाद से सोशल मीडिया से दूर हैं।

बहरहाल, धोनी के एक करीबी ने पार्टी की फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इन फोटोज में नजर आ रहा है कि धोनी अपने एक दोस्‍त के साथ केक काटकर बर्थडे का जश्‍न मना रहे हैं। कुछ दिनों पहले काली दाढ़ी में नजर आए धोनी को एक बार फिर पहचानना मुश्किल है। देखिए धोनी के बर्थडे की कुछ फोटोज

बता दें कि धोनी के बर्थडे पर उनके कुछ फैंस रांची स्थित घर पहुंचे थे, जहां उन्‍हें अपने चहेते क्रिकेटर की झलक देखने को मिली थी। धोनी अपने फैंस से मिले नहीं, लेकिन हाथ हिलाकर उनका अभिवादन जरूर स्‍वीकार किया। धोनी जब भी ब्रेक पर होते हैं तो लाइमलाइट से दूर रहने के लिए जाने जाते हैं।

धोनी 2019 विश्‍व कप के बाद से प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट से दूर हैं। इस साल आईपीएल में उनकी वापसी की पूरी उम्‍मीद थी, जो कोरोना वायरस महामारी के कारण अनिश्चितकालीन समय के लिए स्‍थगित कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी के मैनेजर ने जानकारी दी है कि पूर्व कप्‍तान ने अभी संन्‍यास लेने के बारे में कोई मन नहीं बनाया है। अब देखना होगा कि कोरोना काल के बाद जब क्रिकेट दोबारा शुरू होगा तो एमएस धोनी किस अवतार और भूमिका में नजर आएंगे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर