घर वालों ने लड़की को 'बेचा', ससुराल में महीनों हुआ रेप, किसी तरह भागी पीड़िता

क्राइम
Updated Apr 12, 2021 | 17:42 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

गोरखपुर अवध एक्सप्रेस ट्रेन से एक 17 साल की लड़की को बचाया गया है। दरअसल, उसकी जबरन शादी कर दी गई, जिसके बाद ससुराल में उसके साथ कई लोगों ने महीनों तक रेप किया।

rape
प्रतीकात्मक तस्वीर 

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में एक 17 साल की लड़की के साथ उसके ससुराल वालों ने कथित तौर पर कई बार बलात्कार किया। इसके बाद वो किसी तरह भाग गई। उसे यूपी से कोटा जाने वाली ट्रेन से बचाया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने गोरखपुर के इस महिला को बचाया। नवंबर 2020 में उसकी शादी हुई थी जिसके बाद उसके ससुराल वालों द्वारा बार-बार उसका बलात्कार किया गया।

भयभीत लड़की की काउंसलिंग करने के बाद बाल कल्याण समिति ने नाबालिग को शादी में बेचने और शारीरिक शोषण के लिए उसके ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा चलाने की पहल की। उसे आश्रय गृह भेज दिया गया। कोटा सीडब्ल्यूसी की अध्यक्ष कनीज फातिमा के अनुसार, वह गोरखपुर अवध एक्सप्रेस ट्रेन में 10 अप्रैल को मिली थी।

नाबालिग लड़की सदमे की स्थिति में थी, लेकिन बाद में उसने अपनी पूरी कहानी बताई। किशोरी ने दावा किया कि वह अपने गृहनगर यूपी के देवरिया में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। लड़की ने बताया कि उसके माता-पिता और मामा ने उसकी शादी 30 नवंबर 2020 को उसकी इच्छा के खिलाफ जाकर कर दी।

महीनों तक हुआ यौन शोषण

नाबालिग ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उसके पति के भाई और भाभी के पति ने उसके साथ बार-बार बलात्कार किया। जब उसने अपने पति और ससुर के सामने इसके बारे में बात की तो उन्होंने दावा किया कि उन्होंने उसे उसके मामा से खरीदा। जब उसने अपने साथ हो रहे का विरोध किया, तो उसके पति और ससुर उसे एक अज्ञात स्थान पर ले गए, जहां उसका महीनों तक यौन शोषण होता रहा।

घर से भी नहीं मिला साथ

उसने दावा किया कि उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया। लड़की ने कहा कि वह किसी तरह अपने ससुराल वालों की कैद से छूटने में सफल रही और देवरिया में अपने मामा के घर पहुंची और उसने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराने का आग्रह किया लेकिन उसे ऐसा करने से कथित रूप से रोक दिया गया। जब उसे लगा कि वह उसकी मदद नहीं करेंगे तो वह 7 अप्रैल को वहां से भाग गई और अगले दिन ट्रेन में सवार हो गई। 
 

अगली खबर