असम: भागने की कोशिश कर रहा था रेप का आरोपी, पुलिस ने मार दी गोली

क्राइम
किशोर जोशी
Updated Jun 19, 2021 | 13:11 IST

असम में रेप केस और हत्याकांड के एक आरोपी को पुलिस ने गोली मारी है। आरोपी पुलिस की हिरासत से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने यह कदम उठाया।

Assam Rape-Murder Case Accused Shot At While Trying To Escape: Police
भागने की कोशिश कर रहा था रेप का आरोपी, पुलिस ने मारी गोली 
मुख्य बातें
  • असम के कोकराझार में दो नाबालिग लड़कियों का कुछ दिन पहले हुआ था रेप
  • पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को किया है गिरफ्तार
  • एक आरोपी ने की पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश, रहा नाकाम

गुवाहाटी: असम के कोकराझार इलाके में पिछले हफ्ते ही दो नाबालिग लड़कियों की लाश पेड़ से लटकती हुई मिली थी। इन दोनों लड़कियों के साथ पहले रेप किया गया और फिर उनकी हत्या कर शवों को पेड़ पर लटका दिया। इसके बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया जिन्होंने कथित तौर पर इस रेप केस तथा हत्याकांड में शामिल होने की बात कबूल की थी। इन्हीं में से एक आरोपी ने जब भागने की कोशिश की तो उसे पुलिस ने गोली मारी दी है।

आरोपी अस्पताल में भर्ती

गोली आरोपी के पैरों में लगी जिसके बाद वह भागने में नाकाम रहा। आरोपी की पहचान फोरिजुल रहमान के रूप में हुई है जिसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रहमान ने बताया कि वह मृतक लड़कियों में से एक का मोबाइल प्राप्त करने में पुलिस की मदद करेगा इसलिए पुलिस आरोपी को उस स्थान पर लेकर गई जहां उसने बोला। 

पुलिस को किया गुमराह

जैसे ही आरोपी की बताई हुई जगह पर पुलिस पहुंची तो वहां उसने छुरा छुपाया हुआ था उसे पकड़ने के बाद वह पुलिस कर्मियों पर हमला करने की कोशिश करने लगा लेकिन तब तक पुलिस हरकत में आ गई तो वह भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार दी जिससे वह वहीं गिर पड़ा। कोकराझार पुलिस ने इस संबंध में बयान जारी करते हुए कहा कि आरोपी पुलिस पर हमला कर रहा था जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कदम उठाया और उसके पैर में गोली मारी जिसके बाद वह घायल हो गया।

पुलिस जांच में जुटी है

आपको बता दें कि जिन दो नाबालिग लड़कियों की हत्या हुई थी उनमें से एक की उम्र 14 साल तथा दूसरी की 16 साल थी। दोनों ही राभा समुदाय से ताल्लुक रखती थीं। आरोपियों ने न केवल लड़कियों का रेप किया बल्कि इसे आत्महत्या का मामला बनाने के लिए और पुलिस को गुमराह करने के लिए दोनों की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिए। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ में जुटी हुई है।


 

अगली खबर