Hathras murder case: हाथरस मामले में 2 और आरोपियों की गिरफ्तारी, मुख्य आरोपी अभी भी फरार

क्राइम
Updated Mar 03, 2021 | 20:04 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Hathras case: उत्तर प्रदेश में हाथरस के सासनी में बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत करने वाले किसान की हत्या करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

hathras
हाथरस हत्याकांड में 3 गिरफ्तार 
मुख्य बातें
  • हाथरस हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार हुए
  • मुख्य आरोपी पर एक लाख का इनाम घोषित
  • मुख्य आरोपी गौरव शर्मा का संबंध समाजवादी पार्टी से

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश पुलिस ने बुधवार को हाथरस हत्याकांड के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। अब तक कुल तीन लोगों की गिरफ्तारी हो गई है। हालांकि, मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। 50 साल के अंबरीश शर्मा को कथित तौर पर गोलियों से भून दिया गया था। मुख्य आरोपी गौरव शर्मा के खिलाफ मृतक ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने के लिए पुलिस में केस दर्ज कराया था और 2018 में गौरव इसके लिए जेल भी गया। बाद में उसे जमानत मिल गई।

आरोप है कि पीड़ित लड़की के साथ गौरव की पत्नी और मौसी की कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने और भी लोगों के साथ आकर अंबरीश को गोली मार दी। वह केस वापस लेने का दबाव भी बना रहा था। 

गौरव शर्मा पर 1 लाख का इनाम घोषित

हाथरस पुलिस ने जानकारी दी, 'मामले में आज 2 इनामी हत्याभियुक्त रोहिताश शर्मा पुत्र राम चन्द्र शर्मा निवासी नौजरपुर थाना सासनी तथा निखिल शर्मा पुत्र मनोज शर्मा निवासी नौजरपुर को गिरफ्तार किया गया है। शेष नामजद आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु इनाम घोषित किया गया है।' आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई थी। वहीं मुख्य आरोपी गौरव शर्मा के ऊपर एक लाख का इनाम घोषित किया गया है और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। 

सपा से जुड़ा है मुख्य आरोपी

इस मामले में चार आरोपी नामज़द हैं जिनमें गौरव शर्मा, रोहिताश शर्मा, निखिल शर्मा व ललितेश शर्मा शामिल हैं। उनमें से ललितेश को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस घटना के मुख्य आरोपी गौरव की राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर सपा और भाजपा के बीच ज़बानी जंग शुरू हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गौरव के एक फेसबुक पेज का जिक्र करते हुए उसे सपा का नेता बताया है जबकि सपा ने उसे भाजपा का नेता करार दिया है।

अगली खबर