Mumbai: 'पहले अपना जेंडर साबित करो', FIR दर्ज करने से पहले पुलिस ने ट्रांसजेंडर महिला से कहा

क्राइम
Updated Oct 13, 2019 | 12:33 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai News: मुंबई में जीआरपी पुलिस ने एक ट्रांसजेंडर महिला की एफआईआर रिपोर्ट दर्ज करने से पहले उसके जेंडर का सबूत मांगा। जानिए क्या है पूरा मामला-

transgender
ट्रांसजेंडर  |  तस्वीर साभार: BCCL
मुख्य बातें
  • मुंबई से जीआरपी पुलिस का नया चेहरा सामने आया है
  • शोषण की शिकार हुई ट्रांसजेंडर महिला दर्ज कराने गई थी शिकायत
  • FIR दर्ज करने से पहले जीआरपी पुलिस ने जेंडर साबित करने को कहा
  • हालांकि पुलिस ने आखिरकार आरोपी को उसी शाम गिरफ्तार कर लिया

मुंबई : मुंबई पुलिस आमतौर पर एक बेहद जिम्मेदार पुलिस मानी जाती है, लेकिन यहां पर एक खबर सामने आ रही है जो बेहद हैरान करने वाली है। मुंबई सेंट्रल में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने 50 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया जिसपर एक ट्रांसजेंडर महिला के साथ योन शोषण करने का आरोप था। आरोपी की पहचान प्रकाश देवेंद्र भट्ट के रुप में हुई है। 

एक तरफ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है लेकिन दूसरी तरफ पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट करने में उसकी मदद नहीं की थी। उसने बताया कि पुलिस ने उससे कहा था कि जब तक वह अपना जेंडर साबित नहीं करती है तब तक उसका एफआईआर दर्ज नहीं किया जाएगा। ट्रांसजेंडर महिला ने सोशल मीडिया पर अपनी आपबीती बताई है।

उसने बताया कि एफआईआर दर्ज करने से पहले उसे जेंडर सर्टिफिकेट दिखाने को कहा गया। पीड़िता के मुताबिक शुक्रवार को दादर रेलवे स्टेशन पर भट्ट (आरोपी) ने उसे गलत तरीके से टच किया था। वह नवी मुंबई से आ रही थी, जब दादर रेलवे स्टेशन पर उतरी उसी समय उसके साथ ये हादसा हुआ।

रिपोर्ट के मुताबिक वह दादर से वह गोरेगांव की ट्रेन लेने वाली थी। हादसे के बाद उसने फौरन आवाज उठाई और आरोपी को पकड़कर जीआरपी पुलिस के पास ले गई। हालांकि यहां पर उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय कहा गया कि वह अपना जेंडर साबित करे तब उसकी FIR दर्ज की जाएगी।

इसके साथ ही पुलिस ने महिला पुलिसकर्मी को पीड़िता मेडिल चेकअप करने के लिए भी कहा। पीड़िता ने पुलिस को कहा कि उसे कोई चोट नहीं पहुंचाई गई है बल्कि गलत तरीके से छूकर उसका शोषण करने की कोशिश की गई है। कोर्ट में मामला पेश करने के लिए वह मेरा जेंडर प्रूफ सर्टिफिकेट मांग रहे थे। 

हालांकि बाद में महिला ने पुलिस को जेंडर सर्टिफिकेट भी दिया। इसके दो घंटे के बाद पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज की और शुक्रवार की रात आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि निस्संदेह पुलिस उसकी मदद करना चाह रही थी लेकिन वह पहले उसका जेंडर देखना चाहते थे। 

पुलिस ने बताया कि आरोपी भट्ट के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। इसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।  

अगली खबर