राम मंदिर, अनुच्छेद 370 पर अमित शाह का विपक्ष पर तीखा प्रहार, 'जाटलैंड में अखिलेश पर भी बोला तीखा हमला 

Amit Shah in Brindavan: वृंदावन में भाजपा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि भाजपा संपूर्ण समाज की पार्टी है। राजनीति में जातिवाद और परिवारवाद नहीं होना चाहिए। यूपी में सरकारें परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण के लिए चलीं।

Amit Shah in brindavan, takes jibe on Akhilesh Yadav and opposition
वृंदावन में अमित शाह ने पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित किया।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • पश्चिमी यूपी में पहले चरण के तहत 10 फरवरी को डाले जाएंगे वोट
  • जाट एवं किसानों की नाराजगी दूर करने का प्रयास कर रही भाजपा
  • अमित शाह सहित भाजपा के बड़े नेता जाट नेताओं से मिल रहे हैं

मथुरा : पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे के तहत वृंदावन पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को विपक्ष सहित समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार की बदौलत ही कश्मीर से अनुच्छेद 370 का खात्मा हुआ और अयोध्या में राम मंदिर का सपना पूरा हुआ। शाह ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में जब अखिलेश यादव की सरकार थी तो यहां बाहुबलियों, माफियाओं का बोलबाला था और भ्रष्टाचार से लोग परेशान थे। गृह मंत्री ने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार बनने के बाद जितने भी बाहुबली एवं माफिया थे, उन्होंने सरेंडर कर दिया और प्रशासन में पारदर्शिता आई।  

भाजपा संपूर्ण समाज की पार्टी -शाह
वृंदावन में भाजपा के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि भाजपा संपूर्ण समाज की पार्टी है। राजनीति में जातिवाद और परिवारवाद नहीं होना चाहिए। यूपी में सरकारें परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण के लिए चलीं। यहां भ्रष्टाचार का प्रश्रय दिया गया। भाजपा पारदर्शी सरकार देती है, उसके लोगों के यहां से नोटों की गड्डियां बरामद नहीं होती हैं। भाजपा की सरकार से पहले यहां बाहुबलियों का बोलबाला था लेकिन राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद यहां बाहुबली एवं माफिया सरेंडर करने लगे।  



UP Election: आज यूपी दौरे पर रहेंगे अमित शाह और नड्डा, योगी भी करेंगे डोर टू डोर कैंपेन

भाजपा की योजनाओं का जिक्र किया
भाजपा सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि दो करोड़ 60 लाख से ज्यादा शौचालय बने हैं। यूपी में इसे 'इज्जत घर' नाम दिया गया है। इससे यूपी के लोगों को सम्मान मिला है। आजादी के बाद एक करोड़ 41 लाख घरों में बिजली नहीं थी, इन घरों में बिजली पहुंचाया गया है। अखिलेश की सरकार में लोगों को बिजली नहीं मिलती थी। फिर वह कैसे मुफ्त बिजली देने का वादा करते हैं।  

अखिलेश को कानून-व्यवस्था पर बोलने का हक नहीं-शाह
शाह ने कहा, 'यूपी में आजम खान, मुख्तार अंसारी का आतंक था। भाजपा की सरकार आई तो आजम खान पर सीआरपीसी की धाराएं  कम पड़ गईं। इन माफियाओं ने संपत्तियों पर जो अवैध कब्जा किया था उसे योगी सरकार ने मुक्त कराया। कानून-व्यवस्था पर अखिलेश यादव को बोलने का हक नहीं है। भाजपा की सरकार में डकैती में 70 प्रतिशत की कमी, लूट में 72 प्रतिशत, हत्या में 29 प्रतिशत, अपहरण में 35 प्रतिशत की कमी हुई है। इसका जवाब अखिलेश को देना चाहिए। अखिलेश के शासन में सुशासन नहीं था, कानून-व्यवस्था चरमरा गई थी। 

पहले कैराना अब जाट नेताओं से मीटिंग, पश्चिमी यूपी में क्या कर रहे हैं अमित शाह

'ब्रज क्षेत्र में फिर खिलेगा कमल'
गृह मंत्री ने कहा कि इस भूमि पर अत्याचार करने वाले कंस का वध हुआ। मुथुरा की दिव्यता, भव्यता को पुन: स्थापित करना भाजपा का लक्ष्य है। बीते पांच सालों में इस दिशा में बहुत सारे कार्य हुए हैं। ब्रज क्षेत्र की जनता ने 2015, 2017 और 2019 के चुनाव में भाजपा को बंपर वोटों से जीताया।  गृह मंत्री ने कहा कि कोरोना के खतरे को देखते हुए चुनाव आयोग ने छोटी सी बैठक करने की आचार संहिता बनाई है। हम इस प्रकार संवाद के माध्यम से अपनी बात घर-घर तक पहुंचाएंगे। मथुरा-वृंदावन और गोवर्धन देश भर के लोगों की आस्था का केंद्र है। कान्हा को श्रीकृष्ण बनाने वाला क्षेत्र यही है। वृंदावन पहुंचने पर सबसे पहले शाह बांके बिहारी मंदिर गए और वहां पूजन-अर्चन किया।

अगली खबर