फिरोजाबाद में प्रियंका गांधी का शक्ति संवाद, बोलीं- आधी आबादी को अपनी ताकत पहचाननी होगी

फिरोजाबाद के सिरसागंज में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने 'लड़की हूं लड़ सकती हूं शक्ति संवाद' के दौरान महिलाओं के सशक्तिकरण पर बात की। रायबरेली के बाद बुधवार को प्रियंका फिरोजाबाद पहुंचीं।

Priyanka Gandhi
प्रियंका गांधी 

आगरा: कांग्रेस पार्टी की सरकार आएगी तो आप देखेंगी कि महिलाएं कैसे सशक्त होती हैं लेकिन वह छोटी बात है। असली बात है कि आप सशक्त और जागरूक कैसे बनेंगी। महिलाएं इस देश की आधी आबादी हैं और आपको यह शक्ति पहचाननी है। ये बातें फिरोजाबाद में शक्ति संवाद कार्यक्रम में बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहीं। उत्तर प्रदेश चुनाव में पूरी मजबूती से ताल ठोंक रही कांग्रेस पार्टी प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए शक्ति संवाद कर रही है। खुद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी महिलाओं के बीच जाकर उनसे संवाद कर रही हैं और उन्‍हें उनकी ताकत का अहसास करा रही हैं। रायबरेली के बाद बुधवार को प्रियंका फिरोजाबाद पहुंचीं और सिरसागंज के गिरधारी कॉलेज में महिलाओं को संबोधित किया। 

प्रियंका ने कहा कि मैं चाहती हूं कि महिलाएं समझें​ कि किस तरह की राजनीति हो रही है और उसे आप बदल सकती हैं। स्कूटी और स्मार्टफोन आपको सशक्त बनाने के लिए है। इसके अलावा हमने बहुत सारी घोषणाएं की हैं जो आपको सशक्त बनाएंगी। किसी चुनाव में आपकी भलाई और सशक्तिकरण की बात नहीं होती। घोषणाएं होती हैं लेकिन प्रयास नहीं होते। नेताओं की मानसिकता है कि महिलाओं को नकारा जा सकता है। लेकिन मैं कह रही हूं कि अब आपको नकारा नहीं जा सकता। 

 
उन्‍होंने आगे कहा कि महंगाई का बोझ कौन उठा रहा है? समाज के संघर्ष का बोझ कौन उठा रहा है? आपके पैदा होते ही संघर्ष शुरू हो जाता है और आपके संघर्ष को पहचानने वाला कोई नहीं है। आपने बहुत झूठ सह लिए। हमने शक्ति विधान में कहा ​है कि हम बीस लाख रोजगार देंगे। इनमें से आठ लाख महिलाओं के लिए होंगे। हमने आपकी सेहत, शिक्षा, सम्मान, स्वाभिमान के लिए अलग से घोषणापत्र तैयार किया है। नेताओं को लगता है कि जाति और धर्म की बात करके वोट मिल जाएगा तो वह काम क्यों करेगा? अगर उसे मालूम हो कि काम किए बिना वोट नहीं मिलेगा, तो वह ऐसा नहीं करेगा। आप नेताओं को जवाबदेह ​बनाइए। उनसे हिसाब मांगिए। 

पीएम मोदी पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे ऐसे कानून बनाए जा रहे हैं कि किसान खत्म हो जाएगा। सिर्फ प्रधानमंत्री जी और उनके उद्योगपति मित्र बचेंगे। आरक्षण खत्म करने का तरीका निकाला है कि सारे सरकारी संस्थान उद्योग​पतियों को बेचे जा रहे हैं। आप चुनाव में ऐसी पार्टी को जिताइए जो आपके बारे में बात करे। जो आपको यह बताए कि वह आपकी मदद कैसी करेगी, आपको सशक्त कैसे बनाएगी। महंगाई इतनी है आम इंसान और किसान त्रस्त हैं।

अचानक एक महिला के घर पहुंचीं 

फिरोजाबाद में प्रियंका गांधी जी ने आम जन के घर-घर जाकर महिलाओं से मुलाकात की और महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर विचार साझा किए। फिरोजाबाद जाते वक्त कांग्रेस महासचिव ने चूड़ी उद्योग में जुड़ाई व झलाई का काम करने वाली सितारा जाटव से मुलाकात की। इस दौरान उन्‍होंने स‍ितारा जाटव के घर पहुंचकर कामकाज में हाथ बंटाया। प्रियंका गांधी का वीडियो वायरल हो रहा है। 

मैराथन से सत्‍ता की राह 

कांग्रेस पार्टी प्रदेश में महिलाओं के सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पूरे प्रदेश में मैराथन प्रतियोगिता करा रही है। मैराथन प्रतियोगिता में प्रथम तीन विजेताओं को स्कूटी व अन्य विजेताओं को भी पुरस्कार देकर उनका प्रोत्साहन करेगी। रविवार को झांसी में 10000 से ज्यादा बेटियों ने दौड़ लगाकर यूपी मांगे बदलाव का नारा बुलंद किया था तो मंगलवार को लखनऊ में 20 हजार से ज्‍यादा बेटियों ने हुंकार भरी। झांसी और लखनऊ के बाद अब काशी का नंबर है। 6 जनवरी 2021 को BHU सिंह द्वार से शहीद उद्यान तक प्रातः 8:00बजे से 'लड़की हूँ लड़ सकती हूँ' मैराथन का आयोजन किया जाएगा।

अगली खबर