Punjab Election Result 2022: पंजाब में मिल रही जीत पर राघव चड्ढा बोले, हम कांग्रेस का विकल्प बनेंगे

Punjab Election Result 2022: पंजाब में विधानसभा की 117 सीटों पर अब तक जो रुझान आए हैं, उसकी मानें तो AAP पार्टी बड़ी जीत दर्ज करती नजर आ रही  है। पंजाब में बड़ी जीत दर्ज करता देख पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उत्साहित हैं।

Punjab Election Result 2022: AAP leads in Punjab, Raghav Chadha says we will become alternative to Congress
पंजाब के रुझानों पर बोले राघव चड्ढा।  |  तस्वीर साभार: PTI

Punjab Election Result 2022: पंजाब की विधानसभा सीटों पर आ रहे रुझानों पर आम आदमी पार्टी (AAP) उत्साहित है। अब तक आए रुझान उसके पक्ष में हैं और ये रुझान यदि नतीजों में तब्दील हुए तो इस राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बननी तय है। पंजाब में मिल रही जीत पर पार्टी के नेताओं की प्रतिक्रिया आने लगी है। पंजाब चुनाव के प्रभारी राघव चड्ढा ने गुरुवार को कहा कि हम लोग 'आम आदमी हैं' और 'आम आदमी' जब उठता है तो बड़ों-बड़ों के सिंहासन डोलने लगते हैं।  

राघव चड्डा ने दी प्रतिक्रिया
उन्होंने कहा, 'हम लोग आम आदमी हैं लेकिन जब आम आदमी उठता है तो बड़े-बड़े लोगों के सिंहासन डोलने लगते हैं। भारत के इतिहास में आज का दिन काफी अहम है। इस जीत के साथ AAP अब राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। देश में आप कांग्रेस का विकल्प बनेगी।' 

गोपाल राय ने पंजाब के लोगों को धन्यवाद दिया
वहीं, आप के नेता एवं दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने कहा कि हम पंजाब में सकारात्मक रुख देख सकते हैं। हमारा मानना है कि चुनाव नतीजे भी सकारात्मक होंगे। राजनीति में बदलाव के लिए लोगों ने वोट दिया है, इसके लिए मैं पंजाब के लोगों को धन्यवाद देता हूं। 

AAP कार्यकर्ताओं में जबर्दस्त उत्साह
पंजाब में विधानसभा की 117 सीटों पर अब तक जो रुझान आए हैं, उसकी मानें तो AAP पार्टी बड़ी जीत दर्ज करती नजर आ रही  है। पंजाब में बड़ी जीत दर्ज करता देख पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उत्साहित हैं। वे सीएम पद के चेहरे भगवंत मान के आवास एवं पार्टी कार्यालयों पर जुटकर जश्न मनाते नजर आए  हैं। कार्यकर्ताओं के नाचते-गाते वीडियो एवं तस्वीरें सामने आई हैं। रुझानों के मुताबिक कांग्रेस पार्टी को पंजाब में भारी नुकसान हो रहा है। 

अगली खबर