UP Election 2022: जीत के जश्न में झूमे भाजपाई, लखनऊ में बुल्डोजर पर चढ़कर कर रहे योगी की जय- जयकार

इलेक्शन
हर्षा चंदवानी
हर्षा चंदवानी | Principal Correspondent
Updated Mar 10, 2022 | 15:01 IST

BJP Workers Celebration on Bulldozer as yogi adityanath wins: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत पर भाजपा मुख्यालय में जश्न हो गया है। लखनऊ में विधानसभा के सामने और हजरतगंज में बुल्डोजर पर चढ़कर कर भाजपाई जश्न मना रहे हैं। 

UP Election 2022 BJP Workers Celebration
UP Election 2022 BJP Workers Celebration  

BJP Workers Celebration on Bulldozer as yogi adityanath wins: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले चुनाव आयोग की ओर से 403 में से 399 विधानसभा सीटों के रुझान जारी किए गए हैं। भाजपा को मिलती बढ़त के साथ ही भाजपा मुख्यालय में जश्न हो गया है। ढोल, आतिशबाजी के साथ भाजपा कार्यकर्ता जश्न मनाते दिख रहे हैं। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक कार्यकर्ता मोदी-योगी की जय जयकार कर रहे हैं। लखनऊ में विधानसभा के सामने और हजरतगंज में बुल्डोजर पर चढ़कर कर भाजपाई जश्न मना रहे हैं। 

बीजेपी को मिलती जीत साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा देर शाम मुख्यालय पहुंचेंगे और जनता को धन्यवाद कहेंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांच बजे शाम को यूपी बीजेपी कार्यालय पर प्रेस वार्ता करेंगे। 

भाजपा ने 240 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाई है, जबकि सपा 110 सीटों पर आगे चल रही है। रुझानों पर नजर डाली जाए तो उत्तरप्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार आती साफ दिख रही है।

इसी जीत के जश्न को लेकर तमाम कार्यकर्ता झूमते नजर आ रहे हैं। उत्तरप्रदेश में इस चुनाव में लखीमपुर खीरी एक चर्चित जगह रही, लखीमपुर खीरी जनपद में विधानसभा की 8 सीटें हैं। इनमें से 6 पर भाजपा लगातार बढ़त बनाए हुए है। लखीमपुर खीरी में निघासन पलिया, गोला, लखीमपुर, कस्ता, मोहम्मदी, श्रीनगर और धौरहरा की सीटें हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर शहरी सीट से आगे चल रहे हैं और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सिराथू से पीछे चल रहे हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल विधानसभा क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री श्रीकांत शर्मा मथुरा से आगे चल रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा 248 सीटों पर और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी (सपा) 112 सीटों पर आगे चल रही है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को यह जानकारी दी। दोपहर 12 बजे तक कुल 403 सीटों में 399 सीटों का रुझान रहा। अपना दल (सोनीलाल) 12 विधानसभा सीटों पर और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) आठ सीटों पर आगे चल रहा है।

कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) क्रमश: दो और चार विधानसभा क्षेत्रों में आगे चल रही हैं। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल पांच विधानसभा सीटों पर आगे चल रहा है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दो सीटों पर, जनता दल (यूनाइटेड) एक पर, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक दो सीटों पर और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी तीन सीटों पर आगे चल रही है।

आईएएनएस इनपुट के साथ

अगली खबर