Uttarakhand Election Exit Poll 2022: उत्तराखंड में भाजपा सरकार ! एग्जिट  पोल में BJP को 37 और कांग्रेस को 31 सीट

Uttarakhand Election Exit Poll 2022, Uttarakhand Chunav Exit Poll Results 2022 : उत्तराखंड में एक ही चरण के तहत 14 फरवरी को मतदान हुआ था। मुख्य मुकाबला इस बार भी भाजपा और कांग्रेस में है।

Uttarakhand Election Exit Poll 2022 Uttarakhand Chunav Exit Poll Results 2022 Hindi News
EXit Poll:उत्तरांखड में भाजपा सरकार बनती दिख रही है 
मुख्य बातें
  • टाइम्स नाउ नवभारत ने वीटो के साथ मिलकर किया सबसे सटीक एग्जिट पोल
  • उत्तराखंड में भाजपा को कुमायूं, गढ़वाल क्षेत्र में बढ़त मिलती दिख रही है।
  • उत्तराखंड में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है, वहीं आम आदमी पार्टी कुछ खास कमाल करती नहीं दिख रही है।

Uttarakhand Election Exit Poll 2022, Uttarakhand Chunav Exit Poll Results 2022: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद से ही आम लोगों को एग्जिट पोल्स का इंतजार था और अब वो इंतजार आज खत्म हो गया है। टाइम्स नाउ नवभारत VETO के एक्जिट पोल में भाजपा की सत्ता में वापसी होती दिख रही है। हालांकि कांग्रेस उसे कड़ी टक्कर दे रही है। एग्जिट  पोल के अनुसार भाजपा को कुमायूं और गढ़वाल क्षेत्र में बढ़त है, वहीं तराई क्षेत्र में कांग्रेस को बढ़त है।

किसको कितनी सीटें

टाइम्स नाउ नवभारत VETO के एग्जिट पोल में भाजपा को 37 सीटें मिलती दिख रही हैं। जबकि कांग्रेस को 31 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं पहली बार चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी कोई कमाल करती नहीं दिखी है। उसे केवल एक सीट मिलती दिख रही है।

दल सीट
भाजपा 37
कांग्रेस 31
आम आदमी पार्टी 1
अन्य 1

कांग्रेस ने मौका गंवाया !

अगर एग्जिट पोल के नतीजे रिजल्ट में तब्दील होते हैं। तो उससे साफ है कि कांग्रेस ने उत्तराखंड में बड़ा मौका गंवाया है। क्योंकि जिस तरह भाजपा सरकार ने 5 साल में तीन मुख्यमंत्री बनाए। और बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दे हावी थे, उसके बावजूद कांग्रेस सत्ता में वापसी करती नहीं दिख रही है। हालांकि 70 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा बहुमत के 36 सीटों के आंकड़ों से केवल एक सीट ज्यादा पाती नजर आ रही है।

क्षेत्र के आधार पर किसे कितनी सीटें

क्षेत्र भाजपा कांग्रेस आम आदमी पार्टी अन्य
कुमायूं 8 5 1 -
गढ़वाल 14 5 - -
तराई 15 21 - 1
कुल 37 31 1 1

किसको कितने वोट

दल वोट (फीसदी में)
भाजपा 46.95
कांग्रेस 35.94
आम आदमी पार्टी 8.25
अन्य 8.86

भाजपा को पिछली बार से भारी नुकसान

भले ही उत्तराखंड में भाजपा की सत्ता में वापसी होती दिख रही है। लेकिन अगर एग्जिट  पोल के नतीजे सही होते हैं, तो भाजपा को 2017 के मुकाबले भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। 2017 के चुनाव में भाजपा को 56 सीटों पर जीत मिली थी। जबकि कांग्रेस के खाते में केवल 11 सीटें आई थी। ऐसे में कांग्रेस को 2017 के मुकाबले 20 सीटों का फायदा होता दिख रहा है। लेकिन वह सरकार बनाती नहीं दिख रही है। और लगता है भाजपा के लिए पुष्कर धामी को मुख्यमंत्री बनाने का दांव चल गया है।

किस वोटर की कौन पसंद

एग्जिट  पोल के अनुसार उत्तराखंड में मुसलमानों की सबसे ज्यादा पसंदीदा पार्टी भाजपा है। वहां पर 47.83 फीसदी मुसलमान वोटर भाजपा को वोट दे रहा है। वहीं कांग्रेस को 37 फीसदी, आम आमदी पार्टी को 8.11 फीसदी और अन्य को 7.10 फीसदी मुसलमान वोटरों का वोट मिल रहा है।

ह‍िंदुओं वोटरों की पसंदीदा पार्टी की बात की जाय तो भाजपा को 49.42 फीसदी हिंदुओं ने वोट दिया है। जबकि कांग्रेस को 32.28 फीसदी, आम आदमी पार्टी को 9.25 फीसदी और अन्य को 8.95 फीसदी हिंदुओं ने वोट दिया है।

इसी तरह 47.85 फीसदी मह‍िलाओं की पसंदीदा पार्टी भाजपा है। जबकि 32.13 फीसदी महिलाओं ने कांग्रेस को , 8.57 फीसदी ने आम आमदी पार्टी और अन्य को 11.47 फीसदी महिलाओं का समर्थन मिला है।

बदल जाएगा ट्रेंड

अगर राज्य में भाजपा सरकार की वापसी होती है। तो निश्चित तौर पर यह रिकॉर्ड होगा। क्योंकि उत्तर प्रदेश से अलग होकर राज्य बनने के बाद ऐसा पहली बार होगा, जब किसी राजनीतिक दल की सत्ता में वापसी होगी। क्योंकि राज्य बनने के बाद 2002 में कांग्रेस की सरकार बनी थी। उसके बाद 2007 में भाजपा, 2012 में कांग्रेस और 2017 में भाजपा की सरकार बनी थी।

इन उम्मीदवार पर नजर

10 मार्च को जब नतीजे आएंगे तो सबसे ज्यादा हॉट सीट ऊधमसिंह नगर जिले की खटीमा  है। यहां से चुनावी मैदान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी है। वहींं नैनीताल जिले की लालकुंआ विधानसभा सभा क्षेत्र से  पूर्व सीएम हरीश रावत मैदान में हैं। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, भाजपा उम्मीदवार विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल और नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस उम्मीदवार प्रीतम सिंह की किस्मत का भी फैसला होगा।

अगली खबर