LIVE BLOG
More UpdatesMore Updates

UP Election Result 2022: सपा ने लगाया ईवीएम में हेराफेरी का आरोप, वोटों की गिनती आज

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2022) के नतीजे गुरुवार (10 मार्च) को आएंगे। इस चुनाव नतीजों पर सभी की नजरें बनी हुई हैं। चुनाव आयोग (Election Commission) मतों की गिनती (Counting of votes) सुबह आठ बजे शुरू कराएगा। वोटों की गिनती शुरू होने के बाद सीटों के रुझान आने शुरू होंगे। फिर ये रुझान धीरे-धीरे नतीजों में बदलने लगेंगे। यूपी चुनाव रिजल्ट के कई राजनीतिक मायने होंगे।

UP Election Result 2022
यूपी इलेक्शन रिजल्ट 2022

यूपी चुनाव 2022 के नतीजे राष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित करेंगे। एग्जिट पोल की मानें तो इस बार यूपी में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन सकती है। भाजपा की सरकार बनने पर योगी आदित्यनाथ एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे। सीएम योगी ने पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा है। वह गोरखपुर सीट से प्रत्याशी हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला सपा की सुभावती शुक्ला से है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव करहल सीट से चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला भाजपा उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल से है। यूपी चुनाव के नतीजों तो गुरुवार को आएंगे लेकिन बुधवार से ही जीत-हार को लेकर बयान सामने आने लगे हैं। विपक्ष की ओर से ईवीएम का मुद्दा उठाए जाने पर चुनाव आयोग ने कहा है कि अफवाह फैलाने पर वह कार्रवाई करेगा। 

UP ELECTION RESULTS 2022 LIVE: WATCH HERE

Mar 10, 2022  |  05:44 AM (IST)
सपा ने लगाया ईवीएम में हेराफेरी का आरोप

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने से एक दिन पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को कठघरे में खड़ा किया। सपा ने अपने ट्विटर हैंडल से एक अधिकारी का कथित वीडियो अपलोड किया जिसमें वह यह कहते नजर आते हैं कि मंगलवार को ईवीएम ले जाने में जरूरी प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया। हालांकि वह ईवीएम से छेड़छाड़ करने की किसी भी संभावना को सिरे से खारिज करते हुए भी नजर आते हैं। सपा ने इसी ट्वीट में आगे कहा "कई जिलों में ईवीएम में हेराफेरी की जानकारी प्राप्त हो रही है। यह किसके इशारे पर हो रहा है? क्या अधिकारियों पर मुख्यमंत्री कार्यालय से दबाव बनाया जा रहा है? चुनाव आयोग कृपया स्पष्ट करे।"

Mar 09, 2022  |  09:18 PM (IST)
ईवीएम की लापरवाही पर जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कार्रवाई

वाराणसी और बरेली में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) से जुड़ी अनियमितताओं तथा सोनभद्र में एक डिब्बे से बैलट पर्चियां मिलने के मामलों में सम्बन्धित अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गयी है। वाराणसी से जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार, पांडेयपुर स्थित पहाड़िया मंडी में बनाये गए मतगणना स्थल पर मंगलवार को ईवीएम को नियम विरुद्ध तरीके से ले जाए जाने को लेकर उठे विवाद के बाद ईवीएम की नोडल अधिकारी, अपर जिलाधिकारी नलिनी कांत सिंह को ईवीएम परिवहन में लापरवाही बरतने पर बुधवार की देर रात तत्काल प्रभाव से निर्वाचन कार्य से हटा दिया गया।
 

Mar 09, 2022  |  08:12 PM (IST)
विपक्षी दल ईवीएम की कर रहे हैं निगरानी

यूपी के चुनावी घमासान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) की निगरानी को लेकर भी विपक्षी दल काफी सतर्क हैं और उन्होंने विभिन्न जिलों में मशीनों के रखे जाने वाले स्थलों के बाहर बाकायदा अपने कैंप लगाकर निगरानी शुरू कर दी है। मंगलवार को सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वाराणसी में मतगणना के दौरान धांधली करने के मकसद से तीन ट्रकों से ईवीएम ले जाए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा मतदाताओं के वोट चुराने की कोशिश कर रही है। 
 

Mar 09, 2022  |  07:44 PM (IST)
मतगणना केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात

मतगणना केंद्रों पर 250 कंपनी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए गए हैं। इनमें से 36 कंपनियों को ईवीएम की सुरक्षा में तैनात किया गया है। जबकि 214 को मतगणना के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। मतगणना के दौरान कुल 61 कंपनी पीएसी बल भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश पुलिस के 625 राजपत्रित अधिकारी, 1807 इंस्पेक्टर, 9598 दारोगा, 11627 हेड कांस्टेबल और 48649 कांस्टेबल को मतगणना के दौरान सुरक्षा में तैनात किया गया है।
 

Mar 09, 2022  |  06:49 PM (IST)
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठे हैं-अभिषेक मिश्रा
लखनऊ के सरोजनीनगर से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अभिषक मिश्रा ने कहा है कि भाजपा यदि चुनाव आयोग की ओर से यदि सवालों का जवाब देती है तो यह साफ है कि वह इन चुनावों पर दखल रखती है। ऐसे में चुनाव आयोग की व्यवस्था पर लोगों को सोचने की जरूरत है। इस चुनाव में चुनाव आयोग की निष्पक्षता, कार्य कुशलता पर सवालउठे हैं।
Mar 09, 2022  |  06:49 PM (IST)
पर्यवेक्षकों और प्रत्याशियों की मौजूदगी में हुई ईवीएम की जांच

वाराणसी के पांडेयपुर स्थित पहाड़िया मंडी में बनाये गए मतगणना स्थल पर मंगलवार को ईवीएम मशीन को कथित तौर पर बदलने को लेकर हुए हंगामे के बाद देर रात चुनाव आयोग के पर्यवेक्षकों और प्रत्याशियों की मौजूदगी में सभी ईवीएम मशीनों की जांच कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि सभी कंट्रोल यूनिट, बैलट यूनिट और वीवीपैट की निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में जांच करायी गयी। इस दौरान अधिकतर प्रत्याशी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे और मेज पर रखकर सभी 20 ईवीएम (जिनको लेकर विवाद हुआ था)की जांच कराई गयी। शर्मा ने बताया कि 20 ईवीएम सेट को सभी प्रत्याशियों द्वारा संतुष्टिजनक जांच करने के बाद बक्से में रखकर सील किया गया और स्ट्रांग रूम परिसर से हटाया गया।

Mar 09, 2022  |  06:48 PM (IST)
मतदान केंद्रों की सुरक्षा सख्त 

यूपी एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने काह है कि मतगणना के दिन के लिए करीब 70,000 पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बलों की 245 कंपनियां एवं पीएस की 69 कंपनियों की तैनाती हुई है। कुछ विशेष मतदान केंद्रों की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराई जाएगी। सभी जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है।