बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी की मां शौकत कैफी का मुंबई में निधन हो गया। वे एक लोकप्रिय थिएटर और फिल्म एक्ट्रेस थीं। कार्डियक अरेस्ट की वजह से शौकत की मौत हुई। उन्होंने मुंबई के जुहू में अपने घर पर आखिरी सांस ली। आज मुंबई में उनका अंतिम संस्कार रखा गया। बॉलीवुड के कई दिग्गज सेलेब्स यहां उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
शौकत कैफी के अंतिम संस्कार में तब्बू, प्रतीक बब्बर, दिव्या दत्ता जैसे सेलेब्स सबसे पहले यहां पहुंचे। शबाना आजमी अपने भाई बाबा आजमी और उनकी पत्नी तन्वी आजमी के साथ दिखाई दी। इनके बाद अभिताभ बच्चन, ऋषि कपूर, रेखा, उर्मिला मातोंडकर, संजय कपूर, शंकर महादेवन, प्रसून जोशी समेत कई सितारे आए। 91 साल की उम्र में शौकत का निधन हुआ है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शौकत कैफी काफी वक्त से बीमार थीं। उन्हें 19 नवंबर को मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया था। लेकिन बाद में उन्हें घर ले आया गया। कार्डियक अरेस्ट के चलते उनकी मौत हो गई।
शौकत कैफी ने उमराव जान, गरम हवा, बाजार जैसी फिल्मों में काम किया था। उन्हें सबसे ज्यादा पहचान साल 1981 में फारुख शेख और रेखा की फिल्म उमराव जान से मिली थी। शौकत आखिरी बार साल 2002 में आई फिल्म साथिया में नजर आई थीं। शौकत कैफी के पति कैफी आजमी प्रख्यात उर्दू कवि और गीतकार थे, जिनकी साल 2002 में 83 साल की उम्र में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद शौकत कैफी ने कैफी एंड आई नाम से एक ऑटोबायोग्राफी लिखी। जिस पर बाद में 'कैफी और मैं' नाम से प्ले भी हुए।
Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।