Arshad Warsi Birthday: घर-घर जाकर लिपस्टिक बेचते थे अरशद वारसी, माता-पिता की मौत के बाद छूट गई थी पढ़ाई

Arshad Warsi Birthday: मुन्नाभाई के सर्किट यानी अरशद वारसी आज अपना बर्थडे मना रहे हैं। अरशद वारसी ने 1996 में आई फिल्म तेरे मेरे सपने से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।

Arshad Warsi Birthday
Arshad Warsi Birthday 
मुख्य बातें
  • मुन्नाभाई के सर्किट यानी अरशद वारसी आज अपना बर्थडे मना रहे हैं।
  • अरशद वारसी ने 1996 में आई फिल्म तेरे मेरे सपने से बॉलीवुड में डेब्यू किया था।
  • अरशद वारसी का जन्म 19 अप्रैल 1968 को मुंबई में हुआ था।

बॉलीवुड में पिछले 20 साल से ज्यादा अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके अरशद वारसी आज अपना बर्थडे मना रहे हैं। अरशद वारसी का जन्म 19 अप्रैल 1968 को मुंबई में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा नासिक के बोर्डिंग स्कूल से ली। अरशद वारसी ने 1996 में आई फिल्म तेरे मेरे सपने से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। हालांकि, उन्हें हिंदी सिनेमा में पहचान राजू हिरानी निर्देशित फिल्म मुन्नाभाई एमबीबीएस के जरिये मिली। इस फिल्म में उन्होंने सर्किट की भूमिका अदा की थी। 

इसके बाद वह एक बार फिर राजू हिरानी की इस फिल्म के सीक्वेल लगे रहो मुन्ना भाई में नजर आए। वह निर्देशक रोहित शेट्टी की गोलमाल सीरीज में नजर आये और कॉमिक रोल से छा गए। वहीं उन्होंने फिल्म इश्किया और डेढ़ इश्किया में साबित कर दिया कि वे इंटेंसिव रोल भी बेहद उम्दा तरीके से कर सकते हैं। 

लिपस्टिक और नेल पॉलिश बेचीं

अरशद वारसी ने अपनी लाइफ में काफी संघर्ष किया था। अरशद वारसी जब 14 साल के थे तो उनके माता-पिता का निधन हो गया था। माता-पिता के निधन के बाद उन्होंने 10वीं की पढ़ाई छोड़ दी थी। अरशद वारसी के परिवार के दो घर थे जोकि माता- पिता के देहांत के बाद उनके किरायेदारों ने हड़प लिए। इस वजह से अरशद और उनके भाई को एक छोटे से घर में रहना पड़ा। अरशद वारसी ने घर की आर्थिक हालत खराब होने के कारण घर-घर जाकर लिपस्टिक और नेल पॉलिश तक बेची थी। कुछ वक्त बाद उन्हें एक फोटो लैब में काम मिल गया था। इसके बाद उन्होंने अकबर सामी का डांस ग्रुप ज्वाइन कर लिया था। 

श्रीदेवी और अनिल कपूर को करा चुके हैं डांस

अरशद वारसी को डांस में काफी दिलचस्पी थी। उन्होंने साल 1991 में लंदन में हुई डांस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने अपना खुद का डांस स्टूडियो खोला था। अरशद वारसी श्रीदेवी और अनिल कपूर की फिल्म रूप की रानी चोरों का राजा के भी कोरियोग्राफर थे।  

एक्ट्रेस मारिया से की शादी

अरशद वारसी के परिवार के बारे में कम ही लोग जानते हैं। वह अपनी पर्सनल लाइफ को पर्सनल ही रखना पसंद करते हैं। साल 1999 में उन्होंने एक्ट्रेस मारिया से को अपना हमसफर चुना था। शादी के पांच साल बाद यानी 10 अगस्त 2004 को दोनों पहली बार बेटे के पेरेंट्स बने और इसके बाद 2 मई 2007 को दोनों के घर एक बेटी का जन्म हुआ।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर