Chhapaak Day 1 Box Office Collection: दीपिका पादुकोण की छपाक की हुई धीमी शुरुआत, पहले दिन कमाए इतने करोड़ रुपए

बॉलीवुड
Updated Jan 11, 2020 | 12:48 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Day 1 Box Office Collection of Deepika Padukone Chhapaak: दीपिका पादुकोण की छपाक पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा धमाल नहीं मचा पाई। फिल्म उम्मीद के मुताबिक कलेक्शन करने में नाकाम रही।

Chhapaak Day 1 Box Office Collection
Chhapaak Day 1 Box Office Collection  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • दीपिका पादुकोण की छपाक का पहले दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
  • तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर के आगे धीमी पड़ी छपाक
  • फिल्म ने ओपनिंग डे पर की इतनी कमाई

बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक रिलीज हो चुकी है। दो साल बाद दीपिका बड़े पर्दे पर नजर आईं हैं। लंबे वक्त के इंतजार के बाद 10 जनवरी को छपाक रिलीज हुई। हालांकि रिलीज से पहले ही छपाक की विवादों में भी फंस गई थी। वहीं छपाक के साथ एक और बड़ी फिल्म तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर भी रिलीज हुई। विवाद और तान्हाजी दोनों का ही असर छपाक के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर पड़ा।

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने छपाक के ओपनिंग डे यानि शुक्रवार के कलेक्शन की जानकारी दी। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म उम्मीद के मुताबिक खरी नहीं उतरी। पहले दिन छपाक का कलेक्शन सिर्फ 4.77 करोड़ रुपए रहा। जो तान्हाजी का आधा भी नहीं है। इस फिल्म से ज्यादा की उम्मीद की जा रही थी। ऐसा माना जा रहा है कि शनिवार को फिल्म का कलेक्शन बढ़ेगा, हालांकि शुक्रवार की कमाई को देखते हुए बड़ी ग्रोथ नहीं मानी जा रही है।

 

 

तान्हाजी से पिछड़ गई फिल्म
पहले दिन ही दीपिका की छपाक अजय देवगन की तान्हाजी से कमजोर पड़ गई। हालांकि इनकी स्क्रीनिंग में भी बड़ा फर्क था। तान्हाजी को 3880 स्क्रीन्स देश में (हिंदी+मराठी) और 660 विदेश में मिली थीं। इस हिसाब से वर्ल्डवाइड अजय देवगन की फिल्म के पास 4540 स्क्रीन्स थीं। वहीं छपाक के पास भारत में 1700 और विदेश में 460 स्क्रीन्स ही थीं। वर्ल्डवाइड छपाक को सिर्फ 2160 स्क्रीन्स मिली थीं। जो तान्हाजी के आधे से भी कम थी।

 

 

क्या विवादों का पड़ा असर
दीपिका की फिल्म छपाक एक के बाद एक कई पचड़ों में फंसती चली गई। सबसे पहले फिल्म पर स्क्रिप्ट चोरी का आरोप लगा। इसके बाद दीपिका के दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी जाने पर जबरदस्त बवाल हुआ। इसी वजह से सोशल मीडिया पर छपाक का विरोध होने लगा और ट्विटर पर #boycottchhapaak ट्रेंड करने लगा। इसके बाद रियल लाइफ एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल, जिन पर ये फिल्म बनी है, की वकील ने भी फिल्म की रिलीज रुकवाने को लेकर मुकदमा दायर किया। वे फिल्म में उन्हें क्रेडिट न दिए जाने से नाराज थीं। माना जा रहा है कि इतने सारे विवादों के जुड़ने का असर भी छपाक के बॉक्स ऑफिस पर पड़ा है।

 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
(@deepikapadukone) on

 

बता दें कि छपाक एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल की जिंदगी पर बनी है। फिल्म में दीपिका के किरदार का नाम 'मालती' है। इसमें विक्रांत मेसी उनके बॉयफ्रेंड और सोशल एक्टिविस्ट बने हैं। बॉक्स ऑफिस की अगर बात करें तो अब देखना होगा कि दो दिन की छुट्टियों में फिल्म का कलेक्शन ओपनिंग डे की तुलना में कितना बेहतर होता है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर