राजेश खन्ना ने की थी खुद से आधी उम्र की डिंपल कपाडिया से शादी, एक्ट्रेस ने इस वजह से टाल दिया था हनीमून

बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना ने खुद से आधी उम्र की डिंपल कपाडिया से शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के रिश्ते में मनमुटाव शुरू हो गया था।

Dimple Kapadia with Husband Rajesh Khanna
Dimple Kapadia with Husband Rajesh Khanna 
मुख्य बातें
  • राजेश खन्ना ने साल 1973 में की थी डिंपल कपाडिया से शादी।
  • शादी के समय डिंपल कपाडिया 15 जबकि राजेश खन्ना 30 साल के थे।
  • शादी के बाद कुछ ही समय में दोनों के रिश्ते में खटास आ गई थी।

बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना फिल्मों के साथ- साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रहते थे। राजेश खन्ना ने मार्च 1973 में एक्ट्रेस डिंपल कपाडिया से शादी की थी, जो कि काफी चर्चा में रही थी। 

राजेश खन्ना ने शादी के लिए किया प्रपोज

राजेश खन्ना ने लंबे समय तक एक्ट्रेस अंजू महेंद्रू को डेट किया था और सात साल तक दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे लेकिन उनकी शादी नहीं हो सकी। वहीं दूसरी तरफ एक्ट्रेस डिंपल कपाडिया ने फिल्मों में कदम भी नहीं रखा था लेकिन वो अपनी डेब्यू फिल्म बॉबी पर काम कर रही थीं। डिंपल की मुलाकात राजेश खन्ना से हुई और किसी भी दूसरी लड़की की तरह डिंपल भी उनकी फैन थीं। जब राजेश खन्ना को यह पता चला कि डिंपल उन्हें पसंद करती हैं तो उन्होंने एक्ट्रेस को शादी के लिए प्रपोज कर दिया, जिसके लिए उन्होंने हां कह दिया। 

आधी उम्र की डिंपल कपाडिया से की शादी

राजेश खन्ना और डिंपल कपाडिया की शादी काफी चर्चा में रही थी क्योंकि दोनों की उम्र का फासला बहुत ज्यादा था। 27 मार्च 1973 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए, इस समय डिंपल की उम्र केवल 15 साल थी जबकि राजेश खन्ना उम्र में उनसे 15 साल बड़े थे और 30 साल के थे।

डिंपल कपाडिया ने टाल दिया था हनीमून

डिंपल कपाडिया की शादी के बाद उनकी पहली फिल्म बॉबी रिलीज हुई थी जिसमें एक्टर ऋषि कपूर उनके अपोजिट थे। जब डिंपल की शादी हुई तब वो फिल्म की शूटिंग कर रही थीं और बताया जाता है कि इसके लिए उन्होंने अपना हनीमून टाल दिया था। मार्च की जगह दोनों जून में हनीमून मनाने यूरोप गए थे। 

रिश्ते में आई खटास

शादी के अगले साल दोनों पेरेंट्स बन गए और उनकी बेटी ट्विंकल खन्ना का जन्म हुआ। इसके बाद साल1977 में दोनों एक बार फिर पेरेंट्स बने और उनकी बेटी रिंकी खन्ना का जन्म हुआ। लेकिन जल्द ही राजेश खन्ना और डिंपल के रिश्ते में खटास आ गई। राजेश खन्ना को एक्ट्रेस टीना मुनीम से प्यार हो गया और दोनों ने साथ में 11 फिल्मों में काम किया। 80 के दशक में दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चा होने लगी। साल 1984 में डिंपल ने माना कि राजेश खन्ना से शादी करना उनकी जिंदगी का गलत फैसला था। डिंपल ने कहा था, 'राजेश खन्ना से शादी करने के बाद हमारे घर में जिदंगी और खुशियों का अंत हो गया। '

अलग हुए पर नहीं लिया तलाक

राजेश खन्ना और डिंपल कपाडिया अलग हो गए लेकिन दोनों ने तलाक नहीं लिया। राजेश अपनी बेटियों के बहुत करीब थे और नहीं चाहते थे कि उनके तलाक का बुरा असर उनकी बेटियों की जिंदगी पर पड़े। मालूम हो कि साल 2012 में राजेश खन्ना का निधन हो गया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर