मुंबई. बिग बॉस सीजन 13 के कंटेस्टेंट्स के नामों का खुलासा आज शाम ग्रैंड प्रीमियर में हो जाएगा। हालांकि, शो के प्रोमो से कंटेस्टेंट के नाम का अंदाजा लगाया जा रहा है। नए प्रोमो में बताया गया है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस बिग बॉस के घर में अनसुने राज खोलने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक ये एक्ट्रेस 'ओ साकी- साकी' फेम कोएना मित्रा हैं।
कोएना मित्रा ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। 2001 में कोएना ने ग्लेडरेग्स मेगा मॉडल इंडिया ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीता था। कोएना ने साल 2004 में फिल्म मुसाफिर से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म के गाने ओ 'साकी साकी रे' ने उन्हें काफी पहचान दिलाई थी।
कोएना ने संजय दत्त, अजय देवगन जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया है। इसके अलावा वह बंगाली और साउथ की फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। हालांकि, नाक की गलत सर्जरी ने कोएना का करियर बर्बाद कर दिया था।
डॉक्टर ने दे दिया था जवाब
कोएना मित्रा ने टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि सर्जरी के बाद उनका चेहरा काफी बिगड़ गया था। इसके बाद उन्हें काम मिलना बंद हो गया था। इस सर्जरी के कारण उनकी हड्डियां फूल गई थी। इसके अलावा डॉक्टर ने भी जवाब दे दिया था।
कोएना ने बताया कि डॉक्टर ने कहा था कि अब सिर्फ दवाओं और प्रार्थनाएं ही काम आ सकती है। कोएना को छह महीने तक काम नहीं मिला था। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी थी। कोएना आखिरी बार साल 2015 में बंगाली फिल्म में नजर आई थीं।
इस विवाद में फंस चुकी हैं कोएना मित्रा
कोएना मित्रा का नाम विवादों में भी रह चुका है। इस साल चेक बाउंस मामले में मुंबई के मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने छह महीने की सजा सुनाई थी। दरअसल कोएना पर साल 2013 में मॉडल पूनम सेठी ने चेक बाउंस का मामला दर्ज करवाया था।
पूनम ने आरोप लगाया था कि उन्होंने कोएना को 22 लाख रुपए दिए थे। इसमें से कुछ रकम लौटाने के लिए पूनम को उन्होंने तीन लाख रुपए का चेक दिया था, जो बाउंस हो गया था। मेजिस्ट्रेट ने उन्हें 1.64 लाख रुपए ब्याज समेत 4.64 लाख रुपए चुकाने को कहे हैं। हालांकि, कोएना ने कहा था कि वह इस आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील करेंगी।
Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।