दिव्या भटनागर ने मौत से एक महीने पहले छोड़ा था नोट, पति के खिलाफ केस दर्ज करवाएगा परिवार

कोरोना वायरस की चपेट में आई एक्ट्रेस दिव्या भटनागर का निधन हो गया है। अब उनके भाई ने बताया कि एक्ट्रेस के पति गगन के खिलाफ केस दर्ज करवाएंगे।

Divya Bhatnagar with her Brother
Divya Bhatnagar with her Brother   |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद हुआ एक्ट्रेस दिव्या भटनागर का निधन।
  • दिव्या की मां ने उनके पति गगन पर लगाए थे गंभीर आरोप।
  • दिव्या के भाई ने बताया कि उनके पति के खिलाफ दर्ज करवाएंगे केस।

एक्ट्रेस दिव्या भटनागर का सोमवार को निधन हो गया। कोरोना वायरस की चपेट में आने के बाद 26 नवंबर को उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां लगातार उनकी हालत बिगड़ती जा रही थी और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। सोमवार रात 03 बजे कार्डियक अरेस्ट के चलते उनका निधन हुआ। कोविड-19 पॉजिटिव मिलने के साथ- साथ उन्हें निमोनिया भी था। 

ठीक नहीं है दिव्या की मां की हालत

36 साल की दिव्या के निधन से उनका परिवार टूट गया है। उनके भाई देवाशीष भटनागर ने ईटाइम्स से बात करते हुए बताया, 'हम उम्मीद कर रहे थे कि वो ठीक हो जाएगी। मेरी मां पूरी तरह टूट गई हैं। मुझे उनके लिए मजबूत रहना होगा। यह हमारे लिए मुश्किल समय है और यह दर्द असहनीय है।'

दिव्या के पति के खिलाफ करेंगे केस

देवाशीष ने बताया कि वो दिव्या के पति गगना (गबरू) के खिलाफ केस दर्ज करवाएंगे। देवाशीष ने बताया, 'शादी के बाद गगन ने मानसिक और शारीरिक तौर पर दिव्या का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया था। दिव्या ने 07 नवंबर को एक नोट लिखा था जिसमें उसने बताया कि गगन उसे टॉर्चर करता है और गालीगलौच करता है। हमें कल उसकी अलमारी से ये नोट मिला है। घरेलू हिंसा के बाद 16 नवंबर को दिव्या ने अपने पति के खिलाफ एनसी दर्ज करवाने के लिए पुलिस से संपर्क किया था। उसे अस्पताल में भर्ती करवाते समय मैंने उसे मजबूत रहने के लिए कहा था।'

मां ने दिव्या के पति पर लगाए थे ये आरोप

मालूम हो कि जब दिव्या को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था तब उनका ऑक्सीजन लेवल गिरकर 71 हो गया था। दिव्या की मां ने उनके पति गगन पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें फ्रॉड बताया था। दिव्या की मां ने कहा था, 'उसका पति फ्रॉड था। अब सच बोलने का वक्त आ गया है। उसने दिव्या को छोड़ दिया है। वह दिव्या की मदद के लिए आगे नहीं आया है।' दिव्या की मां ने यह भी बताया था कि एक्ट्रेस पिछले छह दिन से बुखार से परेशान थीं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर