फिल्म नहीं टीवी से वापसी कर रही हैं रेखा, जारी हुआ 'गुम है किसी के प्यार में' का प्रोमो

Rekha TV Serial: बॉलीवुड में राज करने के बाद अब रेखा टीवी सीरियल गुम है किसी के प्यार में नजर आने वाली हैं। रेखा के इस सीरियल का प्रोमो जारी हो गया है। देखें इस सीरियल का प्रोमो...

Rekha
Rekha 
मुख्य बातें
  • बॉलीवुड के बाद अब रेखा टीवी में भी डेब्यू करने वाली हैं।
  • रेखा के सीरियल का पहला प्रोमो जारी हो गया है।
  • रेखा के टीवी सीरियल का नाम है गुम है किसी के प्यार में।

मुंबई. बॉलीवुड एक्ट्रेस रेखा सिल्वर स्क्रीन पर राज करने के बाद अब छोटे पर्दे पर भी छाने को तैयार हैं। रेखा टीवी सीरियल- 'गुम है किसी के प्यार में' के जरिए एक बार फिर एक्टिंग में वापसी करने वाली हैं। इस शो का पहला प्रोमो जारी हो गया है। 

प्रोमो की शुरुआत में रेखा अपना पॉपुलर गाना- 'गुम है किसी के प्यार में'  गा रही हैं।  रेखा कहती हैं- 'दरअसल ये गीत मेरे दिल के बेहद करीब है।  इसमें कही कोई एक कसक छुपी हुई है, जहा प्यार का इंतजार तो है, लेकिन उसका नाम लेने की इजाजत नहीं है।' 

प्रोमो में रेखा आगे कहती हैं- 'जब दिल किसी के प्यार में सुबह शाम गुम रहे तो मोहब्बत इबादत बन जाती है। इस गीत ने विराट की प्रेम कहानी को जन्म दिया है, जहां फर्ज की राह चलते उसने अपने प्यार की कुर्बानी दे दी है।' आपको बता दें कि ये सीरियल स्टार प्लस पर सोमवार से शुक्रवार रात आठ बजे टेलिकास्ट होने वाला है।  

शो में हो सकता है बड़ा रोल 
मेकर्स  और रेखा ने अभी तक अपने रोल को लेकर कुछ भी कन्फर्म नहीं किया है। हालांकि, ये भी साफ नहीं है कि वह केवल प्रोमो का हिस्सा होंगी शो का नहीं। प्रोमो को देखकर उनके फैंस काफी एक्साइटेड हैं।  

रेखा अगर शो का हिस्सा बनती हैं तो उनका बड़ा रोल हो सकता है। आपको बता दें कि रेखा काफी वक्त से सिल्वर स्क्रीन से दूर हैं। फैंस को ये जानने के लिए शो के टेलिकास्ट होने का इंतजार करना पड़ेगा।


बंगला हुआ था सील 
रेखा इस साल तब चर्चा में आई थीं, जब उनके बंगले के गार्ड को कोरोना हुआ था। इसके बाद उनके बंगले को सील कर दिया गया था। रेखा का भी कोरोना टेस्ट हुआ था, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। 

रेखा पिछले छह साल से फिल्मों से दूर हैं। आखिरी  बार वह यमला, पगला और दीवाना फिर से में नजर आई थीं। इस फिल्म में उन्होंने एक गाने में स्पेशल अपीरियंस दिया था। इससे पहले वह साल 2014 में सुपर नानी में भी नजर आई थीं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर