सुनील ग्रोवर ने पेड ट्रोलर्स पर ली चुटकी, बोले- भगवान मुझे इस नए मनोरंजन से बचा ले

Sunil Grover on paid trollers: एक्टर सुनील ग्रोवर ने पेड ट्रोलर्स पर अपने अनोखे अंदाज में चुटकी ली है। उन्होंने हाल ही में सलमान खान के समर्थन में ट्वीट किया था।

Sunil Grover
सुनील ग्रोवर  |  तस्वीर साभार: Instagram
मुख्य बातें
  • एक्टर सुनील ग्रोवर ने पेड ट्रोलर्स पर चुटकी ली
  • सुनील को हाल ही में काफी ट्रोल किया गया था
  • उन्होंने सलमान खान को लेकर ट्वीट किया था

बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से बॉलीवुड में नेपोटिज्म और गुटबाजी को लेकर बहस छिड़ गई है। सलमान खान उन सेलेब्रेटीज में शामिल हैं, जो लगातार सुशांत के फैंस के निशाने पर हैं।  सुशांत के फैंस सलमान पर गुटबाजी करने का आरोप लगाते हुए उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। एक्टर सुनील ग्रोवर ने हाल ही में सलमान के समर्थन में उतरते हुए एक ट्वीट किया था, जिसके बाद उन्हें काफी ट्रोल किया गया अब सुनील ने मोर्चा संभालते हुए ट्रोल्स को खुद जवाब देने का फैसला किया है। उन्होंने अनोखे अंदाज में पेड ट्रोलर्स पर चुटकी ली है।

दरअसल, सुनील ग्रोवर ने रविवार को अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा था कि मैं सलमान सर को प्यार करता हूं और उनका सम्मान करता हूं। सुनील के इतने लिखते ही यूजर्स उन्हें चापलूस बताने लगे। साथ ही उनके बहिष्कार की भी धमकी देने लगे। वहीं, सुनील ने मंगलवार को चुटकी लेते हुए लिखा कि कहीं अब मुझे पेड ट्रोलर्स को काम पे लगाने में मजा न आने  लग जाए। भगवान कृपया मुझे इस नए मनोरंजन से बचा ले। बता दें कि सुनील साल 2019 में रिलीज हुई 'भारत' फिल्म में सलमान के साथ काम कर चुके हैं। 
 


सुनील ग्रोवर को सलमान खान का करीबी माना जाता है। 'भारत' फिल्म में उन्होंने सलमान के दोस्त की भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनका रोल काफी बड़ा था। खबरों की मानें तो सुनील अब सलमान की एक और फिल्म में नजर आ सकते हैं। यह फिल्म सलमान के प्रोडक्शन हाउस के तले बन रही है। सुनील ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत अजय देवगन की फिल्म प्यार तो होना ही था से की थी। वहीं, टीवी पर उन्होंने अपने करियर आगाज साल 1995 में 'फुल टेंशन' शो से किया था। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर