Congress: चुनाव में पिटी कांग्रेस को गांधी की आई याद, अगले महीने साबरमती और चंपारण से निकालेगी यात्रा

देश
रंजीता झा
रंजीता झा | SPECIAL CORRESPONDENT
Updated Mar 21, 2022 | 22:01 IST

Congress Sabarmati yatra: कांग्रेस का उद्देश्य इन यात्राओं के जरिए न सिर्फ अपनी पुरानी पहचान और इतिहास से जुड़ना चाहती है बल्कि अपने जड़ों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। 

Congress
चुनाव में पिटी कांग्रेस को गांधी की आई याद 

Congress Sabarmati and Champaran yatra: जिस गांधी नेहरू विरासत के जरिए कांग्रेस पिछले 75 सालों में 50 साल इस देश की सत्ता पर काबिज रही।आज पांच राज्यों में चुनाव हारने के बाद एक बार फिर कांग्रेस को उसी गांधी का सहारा अपनी खोई हुई सियासी जमीन को पाने के लिए लेना पड़ रहा है। कांग्रेस अगले महीने से आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के मौके पर दो बड़ी यात्राएं निकालने जा रही है जिसका उद्देश्य गांधी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना है।

 गुजरात के साबरमती से पहली पदयात्रा (गौरव यात्रा) -- 

कांग्रेस पार्टी 6 अप्रैल से गुजरात के साबरमती आश्रम से आजादी गौरव यात्रा निकालने जा रही है जिसका समापन 1 जून को दिल्ली में होगा। यह यात्रा 100 किलोमीटर की होगी जो 60 दिनों तक चलेगी। जिसका आयोजन यूथ कांग्रेस द्वारा किया जाएगा । यात्रा में एक वक्त में 75 लोग शामिल होंगे जो लगातार चलते रहेंगे। जबकि संबंधित प्रदेश इकाई उस यात्रा के आयोजन में पूरा सहयोग करेंगे। पदयात्रा गुजरात ,राजस्थान ,हरियाणा होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। 

बिहार के चंपारण से दूसरी यात्रा(गांधी संदेश) शुरू होगी-- 

दूसरी यात्रा बिहार के चंपारण से 17 अप्रैल को शुरू होकर पश्चिम बंगाल के बलिया घाट में 27 मई को खत्म होगा। इस यात्रा का नाम गांधी संदेश यात्रा रखा गया है।  यात्रा 800 किलोमीटर की होगी और इसके लिए 40 दिनों का समय निर्धारित किया गया है।पदयात्रा में बिहार झारखंड और पश्चिम बंगाल की प्रदेश इकाइयों शामिल रहेंगे।

कांग्रेस पार्टी इसी तरह की यात्राओं का आयोजन दक्षिण में और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी करने जा रही है। इस यात्रा के आयोजन को लेकर आज दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में संबंधित राज्यों के नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें बिहार,झारखंड,गुजरात,हरियाणा दिल्ली के नेता शामिल हुए। बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा इस यात्रा का उद्देश्य गांधी की विचारधारा और आजादी के आंदोलन से संबंधित इतिहास को जन-जन तक पहुंचाना है।

"स्वाधीनता आंदोलन के महानायकों को दूसरे राजनीतिक पार्टियां हाईजैक कर रही है"

दरअसल कांग्रेस पार्टी स्वाधीनता आंदोलन और गांधी नेहरू विरासत को अपनी सबसे बड़ी सियासी पूंजी मानती रही है। इसी पूंजी के सहारे चुनावी राजनीति में दिल्ली की सत्ता पर एक लंबे अरसे तक वह काबिज भी रहे है। लेकिन आज के दौर में स्वाधीनता आंदोलन के महानायकों को दूसरे राजनीतिक पार्टियां हाईजैक कर रही है। जिस पर कल तक कांग्रेस अपना कॉपी राइट मानती थी।

"लेकिन कांग्रेस की राह सिर्फ यात्राओं से आसान नहीं होगी"

कांग्रेस पार्टी को लगता है इस दौर में जब सभी राजनीतिक दलों ने अपने- अपने महानायक चुन लिए है, कांग्रेस भी गांधी को भुना कर देश की राजनीति में अपने खोए सियासी जनाधार को पा लेगी। लेकिन कांग्रेस की राह सिर्फ यात्राओं से आसान नहीं होगी। उसे अगर इस यात्रा को मंजिल तक पहुंचना है तो गांधी के साथ बदलते वक्त के साथ पटेल,अंबेडकर,नेताजी और भगत सिंह को भी साथ लेकर चलना होगा।


 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर