Coronavirus: इन 10 जिलों ने बढ़ा रखी है चिंता, देश के 46% एक्टिव केस यहीं पर, महाराष्ट्र के 6 जिले शामिल

देश
Updated Apr 10, 2021 | 18:30 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Coronavirus Updates: देश में कोरोना वायरस के कुल 10,46,631 एक्टिव केस हैं। 5 राज्यों में 72 प्रतिशत सक्रिय मामले हैं। देश के अकेले 10 जिलों में 46% एक्टिव केस हैं।

Coronavirus
देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ रहे  |  तस्वीर साभार: AP

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 1,45,384 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा नए केस हैं। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 10,46,631 तक पहुंच गई है। यह देश में कुल पॉजिटिव मामलों का अब 7.93 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल सक्रिय मामलों की संख्या में से 67,023 मामले कम हुए।

10 जिलों में 46% एक्टिव केस

भारत में कुल सक्रिय मामलों का कुल 72.23 प्रतिशत पांच राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और केरल में है। देश में कुल सक्रिय मामलों का 51.23 प्रतिशत अकेले महाराष्ट्र से है। वहीं 45.65 प्रतिशत सक्रिय मामले देश के 10 जिलों में हैं। ये 10 जिले हैं- पुणे, मुंबई, ठाणे, नागपुर, बंगलुरु शहरी, नासिक, दिल्ली, रायपुर, दुर्ग और औरंगाबाद। पुणे में सबसे ज्यादा 9.56% एक्टिव केस हैं। इन 10 जिलों में से 6 जिले महाराष्ट्र के हैं, 2 छत्तीसगढ़ के हैं।

महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें

दस राज्यों- महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान में कोविड-19 के दैनिक नए मामलों में वृद्धि दिखाई दे रही है। नए मामलों का 82.82 प्रतिशत इन्हीं दस राज्यों में ही है। महाराष्ट्र में सबसे अधिक 58,993 दैनिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद छत्तीसगढ़ में 11,447 जबकि उत्तर प्रदेश में 9,587 नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटों में 794 मौतें दर्ज की गई हैं। दस राज्यों में कोविड से होने वालीं मौतों का हिस्सा 86.78 प्रतिशत है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मौतें (301) दर्ज हुईं हैं। जिसके बाद छत्तीसगढ़ में 91 दैनिक मौतें दर्ज की गई हैं। 

इसके अलावा भारत में आज तक कुल स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 1,19,90,859 है। राष्ट्रीय स्तर पर रिकवरी दर 90.80 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में 77,567 मरीज स्वस्थ हुए।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर