Corona Cases in Delhi, 24 march: केजरीवाल बोले-एयरहोस्टेस, पायलट को कॉलोनी में दाखिल होने से रोकना गलत

देश
रामानुज सिंह
Updated Mar 24, 2020 | 18:02 IST

Coronavirus Cases in Delhi, Death Toll: देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं लेकिन दिल्ली में अभी स्थिर है। यहां जानिए दिल्ली के पल पल की खबर।

Coronavirus Cases in Delhi
Coronavirus Cases in Delhi  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • कोरोना वायरस से दुनिया भर में अब तक तीन लाख 50 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो गए हैं
  • भारत में अब तक करीब 500 केस पॉजिटिव पाए गए हैं
  • दिल्ली में अब तक कोरोना के 30 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, इनमें से 23 लोग विदेश से लौटे हैं

नई दिल्ली : देश में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 496 हो गई है। इससे निपटने के लिए दिल्ली में 31 मार्च की मध्य रात्रि तक के लिए लॉकडाउन लागू है। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सीआरपीसी की धारा 144 लगा रखी है, जिसके तहत प्रदर्शन और सभाओं पर रोक है। धारा 144 के तहत 4 या इससे अधिक लोगों के एक साथ जमा होने पर रोक है। केजरीवाल सरकार ने लोगों से घरों में रहने और आपात स्थिति में ही बाहर निकलने की अपील की है। सोशल मीडिया के अलावा पुलिस लाउडस्पीकरों के जरिए भी लोगों से सामाजिक दूरी बनाए रखने का अनुरोध कर रही है। दिल्ली पुलिस ने सरकार के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करके जनता को सुरक्षित रखने के लिए कड़ी चौकसी कर रही है। सीएम केजरीवाल के मुताबिक अब तक दिल्ली में कोरोना के 30 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं, इनमें से 23 लोग विदेश से लौटे हैं और अन्य 7 इनके परिवार के सदस्य हैं। 

दिल्ली में कोरोना वायरस पर लेटेस्ट जानकारियां-

एयरहोस्टेस, पायलट को कॉलोनी में धाखिल होने से रोकना गलत-केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ लोग एयरहोस्टेस और पायलट्स को अपनी कॉलोनी में दाखिल होने नहीं दे रहे हैं। यह ठीक नहीं है। हमें यह समझना चाहिए कि ये लोग हमारे लिए अपने जीवन को खतरे में डाल रहे हैं। हमें अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है। हमारी सरकार ने कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में काम करने वाले सभी कर्मचारियों को 5 हजार रुपए देने का फैसला किया है। हम राजधानी में रैनबसेरे की संख्या भी बढ़ा रहे हैं।

पिछले 24 घंटों में कोई भी नया मामला नहीं
दिल्ली मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस का कोई भी नया मामला दिल्ली में दर्ज नहीं हुआ है। 5 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। अभी सबसे बड़ी चुनौती यह है कि हमें किसी भी परिस्थिति में हालात को बेकाबू नहीं होने देना है। इसमें सभी के योगदान की आवश्यकता है। 

सब्जी बाजार में भारी भीड़
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लॉकडाउन के बीच दरियागंज के एक सब्जी बाजार में भारी भीड़ देखी गई।

ड्रोन से रखी जा रही है नजर
दिल्ली में पूरी तरह से लॉकडाउन के बीच इलाके की स्थिति पर नजर रखने के लिए दिल्ली पुलिस जामिया मिलिया इस्लामिया (JMI) के विरोध स्थल के पास ड्रोन का उपयोग करती है। COVID-19 के मद्देनजर पुलिस ने आज विरोध स्थल को साफ कर दिया। दिल्ली मेट्रो रेल सेवा को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी को पूर्ण लॉकडाउन के तहत रखा गया है। राष्ट्रीय राजधानी में पूरी तरह से लॉकडाउन के बीच हौज रानी में विरोध स्थल को पुलिस ने खाली कर दिया है।

 लोगों से घर पर रहने की अपील
दिल्ली के पुलिस कमिशनर एसएन श्रीवास्तव ने लोगों से घर पर रहने की अपील है। किसी भी तरह की गतिविधि या लोगों को इकट्ठा होने की अनुमति नहीं है, इस संबंध में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को छूट दी गई है। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

केजरीवाल ने लोगों को दी कड़ी चेतावनी
 दिल्ली में घरों में रहने के निर्देश की कई लोगों द्वारा अनदेखी किये जाने और निषेधाज्ञा के बावजूद पहले दिन अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और अन्य स्थानों पर भारी भीड़ होने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चेतावनी दी कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीएम ने दिया इटली और अमेरिका का उदाहरण
उन्होंने इटली और अमेरिका का उदाहरण भी दिया जहां शुरू में कोरोना वायरस की संख्या सैकड़ों में थी लेकिन कुछ हफ्ते के अंदर काफी तेजी से बढ़ गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

दिल्ली की सभी सीमा सील
शहर की सीमाओं पर यातायात रेंगती नजर आई। पुलिस मुस्तैदी से जांच कर रही थी और लोगों को अपने-अपने घरों को लौटने की सलाह दे रही थी। डॉक्टर, अस्पताल जा रहे मरीज, मीडिया कर्मी और जरूरी सेवाओं में शामिल लोगों को ही जाने की इजाजत दी गई। पुलिस ने माना कि शहर में आज निषेधाज्ञा के क्रियान्यवन में कमी रही और उसने सभी सीमा चौकियों को सील कर दिया। उसने कहा कि जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को ही कर्फ्यू पास दिया जाएगा लेकिन मीडियाकर्मियों को पास की जरूरत नहीं होगी, उनके लिए पहचान पात्र ही काफी होगा।

शाहीन बाग में खत्म कराया गया प्रदर्शन 
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग में पिछले 101 दिन से चल रहे लगातार प्रदर्शन को खत्म कर दिया गया। राष्ट्रीय राजधानी में पूरी तरह से लॉकडाउन के बीच दिल्ली पुलिस ने शाहीन बाग में धरना स्थल को साफ कर दिया है। इस दौरान मौजूद महिलाओं समेत कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। पुलिस के कई बार समझाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों का एक तबका उठने को तैयार नहीं था। पुलिस ने देर रात कार्रवाई कर प्रदर्शन खत्म करा दिया है।

जाफराबाद में भारी सुरक्षा तैनात
पूरी तरह से लॉकडाउन के बीच जाफराबाद में भारी सुरक्षा तैनात किया गया है। यातायात की आवाजाही की जांच के लिए दिल्ली-कापसहेड़ा सीमा के पास बैरियर लगाए गए।

जामा मस्जिद में नमाज पर रोक
दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद कोरोना वायरस महामारी की वजह से नमाजियों के लिए 31 मार्च तक बंद रहेगी। जामा मस्जिद के इमाम सैयद अहमद बुखारी ने कहा कि बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए एहतियाती उपाय के तहत इस बाबत फैसला लिया गया है, क्योंकि विदेश से लौटने वाले कई लोग मस्जिद में नमाज अदा करने आते हैं। बुखारी ने कहा कि इस दौरान मस्जिद में अजान तो होगी लेकिन मस्जिद में लोगों को नमाज अदा करने की इजाजत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मुगल बादशाह शाहजहां द्वारा बनवाई गई मस्जिद में रोजाना करीब दो हजार लोग नमाज पढ़ते हैं जबकि जुमे (शुक्रवार) को यह तादाद 10,000 के पार चली जाती है।

दुनिया भर में अब तक 15,873 लोगों की मौत
पूरी दुनिया में इसके मामलों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पिछले साल दिसंबर में चीन से फैले इस वायरस से अब तक तीन लाख 50 हजार से अधिक लोग संक्रमित हो गए हैं। इससे मरने वालों की संख्या 15,873 हो गई हैं। संक्रमितों की संख्या सबसे अधिक चीन में  81,093 हैं। इसके बाद इटली में अब तक 63,927 लोग संक्रमित पाए गए हैं। मरने वालों की संख्या सबसे अधिक इटली में है। यहां अब तक 5500 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। 


 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर