कोरोना वायरस अपडेट्स: बेंगलुरु में 31 मार्च तक पूरी तरह से लॉकडाउन, धारा 144 लागू- सब कुछ बंद

देश
लव रघुवंशी
Updated Mar 23, 2020 | 21:17 IST

कोरोना वायरस लाइव अपडेट्स: दुनियाभर में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। भारत में सोमवार शाम को वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 433 हो गई। महाराष्ट्र में कर्फ्यू लागू किया गया है।

coronavirus lockdown
दिल्ली समेत देश के कई जिलों में लॉकडाउन  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • कोरोना वायरस के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सोमवार शाम को यह आंकड़ा हुआ 433
  • वायरस के प्रसार को देखते हुए महाराष्ट्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है और सीमा सील कर दी गई है
  • देश के 75 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है, असम में कल शाम से होगा लॉकडाउन

नई दिल्ली : देश में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए और इसके खिलाफ अपनी लड़ाई को और मजबूती देते हुए सोमवार को केंद्र एवं राज्य सरकारों की तरफ से कई एहतियाती कदम उठाए गए। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने 24 मार्च की आधी रात से घरेलू विमानों के उड़ान पर रोक लगा दी। वहीं, केंद्र सरकार ने लॉकडाउन ऑर्डर का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकारों से कहा कि वे सख्ती से नियमों का पालन कराएं। सोमवार शाम भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 433 हो गई। दुनिया भर में  इस वायरस से अब तक 15 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है जबकि साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोग इस वायरस से संक्रमित हैं।

कोरोना वायरस लाइव अपडेट्स

बेंगलुरु में पूरी तरह लॉकडाउन:  31 मार्च तक बेंगलुरु में पूरी तरह से लॉकडाउन। बिना अनुमति के किसी भी वाहन को शहर में प्रवेश करने या छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। रेस्तरां और होटलों में लोगों के जाने पर भी रोक दी गईं। शहर में सभी फ्लाईओवर बंद रहेंगे। बेंगलुरु में धारा 144 लागू। आवश्यक सेवाएं खुली रहें। प्राइवेट वाहन मूवमेंट पर पुलिस की निगरानी रहेगी। ओला, उबर, बस, मेट्रो और ट्रेन सेवाएं बंद। जो कोई भी होम संगरोध का उल्लंघन करता पाया जाएगा, उसे विशेष रूप से आवंटित वाहनों में ले जाया जाएगा।

PM बोले-विश्व युद्ध से भी बड़ा है कोविड-19 का खतरा
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि पीएम ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एसोचैम, फिक्की और देश के अन्य कारोबारी संगठनों के लोगों से बात की। बयान के मुताबिक पीएम ने उनसे कहा कि उनकी सरकार अर्थव्यवस्था को गति देने में लगी ही थी कि इस बीच कोविड-19 की चुनौती सामने आ गई। पीएम ने कहा कि कोरोना वायरस का खतरा विश्व युद्ध से भी बड़ा है और इसके फैलाव को रोकने के लिए हमें लगातार सजग रहने की जरूरत है।

असम में लॉकडाउन का दायरा बढ़ा
ओडिशा सरकार ने पुरी, नयागढ़, जगतसिंहपुर, ढेंकानाल, भद्रक, बालासोर, संबलपुर में लॉकडाउन बढ़ा दिया है। यह लॉकडाउन 24 मार्च की सुबह 7 बजे से 29 मार्च की रात 9 बजे तक लागू रहेगा।

असम में कल शाम से लॉक डाउन
असम में मंगलवार शाम छह बजे से 31 मार्च तक लॉक डाउन रहेगा। राज्य में 160 सैंपल क जांच हुई है जिनमें से 140 का रिजल्ट निगेटिव आया है जबकि 22 सैंपल की जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। 

19 राज्यों में पूरी तरह लॉकडाउन : स्वास्थ्य मंत्रालय

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवार ने सोमवार को अपनी मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि 19 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में पूरी तरह से लॉकडाउन किया गया है। छह राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के कुछ हिस्सों में लॉकडाउन है। आईसीएमआर के महानिदेशक बलराम भार्गव। ने बताया कि 12 और लैब ने जांच का काम शुरू कर दिया है और इन  12 लैब्स के देश भर में 15,000 कलेक्शन केंद्र हैं।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा, 'अब तक निजी वाहनों की आवाजाही की अनुमति है, क्योंकि लोग उत्तराखंड में अपने घरों में आ रहे हैं, लेकिन हम बहुत जल्द ही राज्य की सीमाओं को पूरी तरह से सील कर देंगे। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे जहां भी हैं वहीं रहें।' 

दिल्ली हाई कोर्ट बंद
दिल्ली हाई कोर्ट ने अपने कामकाज के साथ-साथ सभी जिला अदालतों के कामकाज को 4 अप्रैल तक स्थगित कर दिया है। अत्यधिक तात्कालिकता के किसी भी ताजा मामले के लिए रजिस्ट्रार/संयुक्त रजिस्ट्रार को टेलीफोन पर संपर्क किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों की सुनवाई वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए होगी।

पुडुचेरी में भी कर्फ्यू
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री ने आज रात 9 बजे से कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया। कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए लोगों द्वारा सरकार के निर्देशों का अनुपालन नहीं करने के कारण कर्फ्यू लगाया जा रहा है। शाम 6 बजे से शराब की दुकानें बंद हो जाएंगी।

पंजाब में कर्फ्यू
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बिना किसी छूट के राज्य में पूर्ण कर्फ्यू लगाने की घोषणा की। आवश्यक सेवाओं में छूट दी गई है। एम्स में सभी ओपीडी सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी गई हैं।

कोरोना वायरस के मद्देनजर लुधियाना में आज दोपहर 2 बजे से 31 मार्च तक कर्फ्यू लगाया जाएगा। मेडिकल इमरजेंसी मामलों में छूट मिलेगी: लुधियाना पुलिस

कोरोना वायरस के मद्देनजर केरल हाई कोर्ट 8 अप्रैल तक बंद रहेगा। आपातकालीन मामलों पर विचार करने के लिए मंगलवार और शुक्रवार को बैठकें आयोजित की जाएंगी। ऐसे मामले जो व्यक्तिगत स्वतंत्रता को प्रभावित करते हैं, बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाएं और जमानत याचिका केवल इन दिनों में विचार की जाएगी।

दिल्ली हाई कोर्ट में सभी वकीलों के चैंबर को कोरोना वायरस के प्रकोप के मद्देनजर आज शाम से 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया।

हिमाचल में लॉकडाउन
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना वायरस के मद्देनजर आज से अगले आदेश तक राज्य में पूर्ण तालाबंदी होगी। चंडीगढ़ में कोरोना वायरस के कुल मामले अभी 7 हैं। सभी 7 मरीज स्थिर स्थिति में हैं।

पंजाब के सीएम ने जरूरतमंदों को मुफ्त भोजन, आश्रय और दवाइयों का प्रावधान करने का निर्देश किया। उन्होंने इस उद्देश्य के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 20 करोड़ रुपए की मंजूर दी। उप आयुक्तों/उप-विभागीय मजिस्ट्रेटों को सभी सहायता बढ़ाने के लिए कहा गया है।

भारत में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 415 हुए। वहीं भारत सरकार ने राज्यों से लॉकडाउन को सख्ती से लागू करने के लिए कहा है। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामालु ने बताया, 'कर्नाटक में कोरोना वायरस के 27 पॉजिटिव केस हैं। हर जिले का एक अस्पताल Covid19 उपचार के लिए समर्पित है। हमने 1000 वेंटिलेटर के लिए आदेश रखा है।' वहीं गुजरात सरकार ने बताया कि राज्य में कोरोना वायरस मामलों की कुल संख्या 29 है, 1 मौत हुई है। 

भारत में कोविड 19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 390 हुई, इस समय 359 लोग संक्रमित: स्वास्थ्य मंत्रालय

फिलीपींस के एक 68 साल के नागरिक की मुंबई में मौत हो गई है। शुरू में वो कोरोना पॉजिटिव था, लेकिन बाद में नेगेटिव हो गया। कल उसका निधन हो गया। उसे कस्तूरबा अस्पताल से एक प्राइवेट अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया था। महाराष्ट्र में इससे पहले 2 लोगों की मौत हो चुकी है।

महाराष्ट्र में कोरोना के 89 मामले
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 89 हो गए हैं। पिछले 24 घंटों में 15 नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। मुंबई में 14 और पुणे में 1। 8 पहले से  पॉजिटिव लोगों के संपर्क में आए, और 4 ने प्रभावित देशों की यात्रा की और बाकियों की जानकारी एकत्र की जा रही है।

पाकिस्तान में लॉकडाउन नहीं
पाकिस्तान में कोरोना वायरस के चलते अब तक चार लोगों की मौत हो गई है जबकि 646 लोग उससे संक्रमित हुए हैं। इस स्थिति के बावजूद प्रधानमंत्री इमरान खान ने देश में लॉकडाउन से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि इससे अराजक स्थिति पैदा हो जाएगी। इमरान ने लोगों से कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए खुद को पृथक कर लेने की अपील की। 

अमेरिका में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से सौ से अधिक लोगों की मौत हुई है जिसके साथ ही देश में इस बीमारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 389 हो गई है।

दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या रविवार को 30 हो गई। 23 मार्च से लेकर 31 मार्च की मध्य रात्रि तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है। भारतीय रेलवे ने 31 मार्च तक सभी पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है 

नोएडा-गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में 23 मार्च से 25 मार्च तक लॉकडाउन 

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के उपायों को लेकर केंद्र में राज्य सरकारों के निर्देषों का पालन करने की अपील की है। कोरोना वायरस के संक्रमण की रोकथाम के मद्देनजर रविवार को देशभर में जनता कर्फ्यू की सफलता पर देशवासियों का आभार जताते हुए प्रधानमंत्री ने कई ट्वीट किए और लोगों को आवश्यक निर्देषों का पालन करने को कहा। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर