औरतों के लिए दिल्ली सबसे अनसेफ! 2021 में हर दिन दो मासूमों से रेप, किडनैपिंग के भी 'सर्वाधिक केस' दर्ज- NCRB डेटा

एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले सभी 19 महानगरों की श्रेणी में कुल अपराधों का 32.20 प्रतिशत हैं।

crime against women, rape, molestation, delhi, ncrb data
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है।  |  तस्वीर साभार: Getty Images

राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की नयी रिपोर्ट के मुताबिक देश भर में महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राष्ट्रीय राजधानी में पिछले साल हर दिन दो नाबालिग लड़कियों से बलात्कार हुआ। आंकड़ों से पता चलता है कि दिल्ली में 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,892 मामले दर्ज किए गए, जिसमें 2020 की तुलना में 40 प्रतिशत से अधिक की महत्वपूर्ण वृद्धि हुई। वर्ष 2020 में यह आंकड़ा 9,782 था।

एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले सभी 19 महानगरों की श्रेणी में कुल अपराधों का 32.20 प्रतिशत हैं। दिल्ली के बाद वित्तीय राजधानी मुंबई थी, जहां ऐसे 5,543 मामले और बेंगलुरु में 3,127 मामले आए थे। मुंबई और बेंगलुरु का 19 शहरों में हुए अपराध के कुल मामलों में क्रमश: 12.76 प्रतिशत और 7.2 प्रतिशत का योगदान है। बीस लाख से अधिक आबादी वाले अन्य महानगरीय शहरों की तुलना में 2021 में राष्ट्रीय राजधानी में अपहरण (3948), पतियों द्वारा क्रूरता (4674) और बालिकाओं से बलात्कार (833) से संबंधित श्रेणियों में महिलाओं के खिलाफ अपराध के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। आंकड़ों से पता चलता है कि 2021 में दिल्ली में हर दिन औसतन दो लड़कियों से बलात्कार हुआ।

रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में 2021 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के 13,982 मामले दर्ज किए गए, जबकि सभी 19 महानगरों में कुल अपराध के 43,414 मामले थे। राजधानी में 2021 में दहेज हत्या के 136 मामले दर्ज किए गए हैं, जो 19 महानगरों में होने वाली कुल मौतों का 36.26 प्रतिशत है। एनसीआरबी ने कहा कि बालिकाओं के मामले में 2021 में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के तहत 1,357 मामले दर्ज किए गए। आंकड़ों के अनुसार, 2021 में बच्चियों से बलात्कार के 833 मामले दर्ज किए गए, जो महानगरों में सबसे अधिक हैं।

2021 में 19 महानगरों में से दिल्ली में अपहरण के सबसे अधिक केस दर्ज
देशभर में पिछले साल 19 महानगरों में से दिल्ली में अपहरण के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की ताजा रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में हत्या के मामलों में मामूली कमी दर्ज की गयी। दिल्ली में 2021 में हत्या के 454 मामले जबकि 2020 में 461 और 2019 में 500 मामले आए थे। आंकड़ों के अनुसार, 2021 में राष्ट्रीय राजधानी में दर्ज किए गए हत्या के ज्यादातर मामले विभिन्न विवादों का नतीजा थे, जिनमें संपत्ति और परिवार से जुड़े विवाद शामिल हैं। 

हत्या के 23 मामलों में प्रेम प्रसंग के कारण खूनखराबा हुआ और 12 हत्याएं अवैध संबंधों के कारण हुई। इसके अनुसार, इनमें 87 हत्याओं के पीछे निजी दुश्मनी वजह थी जबकि 10 हत्याएं निजी फायदे के कारण की गयी। राष्ट्रीय राजधानी में दहेज, जादू टोने, बाल/नर बलि तथा साम्प्रदायिक, धार्मिक या जाति की वजहों से कोई हत्या नहीं हुई। राष्ट्रीय राजधानी में 2020 में अपहरण के सबसे अधिक 5,475 मामले सामने आए थे जबकि पिछले साल 4,011 मामले सामने आए। आंकड़ों के मुताबिक, पुलिस 5,274 अपहृत लोगों को बचा पायी, जिनमें 3,689 महिलाएं शामिल हैं। अपहृत किए गए 17 लोग मृत पाए गए, जिनमें आठ महिलाएं भी शामिल हैं।

ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 23% वृद्धि 
एनसीआरबी ने यह भी कहा है कि पिछले साल ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ अपराध में 23 प्रतिशत की वृद्धि हुई और राज्य में उनके खिलाफ हमले और साइबर अपराध के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए। एनसीआरबी की 'क्राइम इन इंडिया 2021' रिपोर्ट के अनुसार राज्य में 2021 में बलात्कार, अपहरण और पति या उसके रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता के मामलों में भी भारी वृद्धि दर्ज की गई। राज्य में प्रति एक लाख महिलाओं पर अपराध दर बढ़कर 137.8 हो गई जो 2020 में 112.9 थी। इस प्रकार ओडिशा देश में असम और दिल्ली के बाद तीसरे नंबर पर है। राज्य में 2021 में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), विशेष और स्थानीय कानूनों के तहत महिलाओं के खिलाफ अपराध के 31,352 मामले दर्ज किए गए। एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार 2020 में इनकी संख्या 25,489 थी।

विदेशी नागरिकों की ओर से किए गए अपराधों में इजाफा
देश के भीतर विदेशी नागरिकों के साथ घटित हुई अपराध की घटनाओं में कमी आई है, लेकिन अपराध करने में संलिप्त विदेशियों की संख्या काफी बढ़ी है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के ताजा आंकड़ों के मुताबिक साल 2021 में देश के अलग अलग राज्यों में विदेशी नागरिकों के विरुद्ध अपराध में शामिल होने के 2585 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं 150 मामलों में विदेशी नागरिक खुद किसी ना किसी अपराध से पीड़ित रहे हैं। साल 2021 के आंकड़ों के मुताबिक देश के अलग अलग राज्यों में 2585 मामले ऐसे दर्ज किए गए हैं, जिनमे विदेशी नागरिक कोई ना कोई अपराधों में शामिल रहे हैं। इनमें से 1287 मामले अकेले पश्चिम बंगाल में दर्ज हुए हैं। वहीं साल 2020 में 1937 विदेशी नागरिक अपराधों में लिप्त पाए गए थे।

बच्चों के खिलाफ अपराध में भी उल्लेखनीय वृद्धि
इस डेटा के मुताबिक, महिलाओं के साथ बच्चों के खिलाफ अपराध में पिछले वर्ष की तुलना में 2021 में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। 2021 के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुल 4,28,278 मामले दर्ज किए गए, जो 2020 की तुलना में 15.3 प्रतिशत (3,71,503 मामले) की वृद्धि दर्शाता है। 2021 के दौरान बच्चों के खिलाफ अपराध के कुल 1,49,404 मामले दर्ज किए गए, जो 2020 (1,28,531 मामले) की तुलना में 16.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। प्रतिशत के संदर्भ में, 2020 के दौरान 'बच्चों के खिलाफ अपराध' के तहत प्रमुख अपराध प्रमुख अपहरण (45 प्रतिशत) और बाल दुष्कर्म सहित यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (38.1 प्रतिशत) थे। 2020 में 28.9 की तुलना में 2021 में प्रति लाख बच्चों की आबादी पर दर्ज अपराध दर 33.6 है। (एजेंसी इनपुट्स के साथ)

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर