ऐसे कैसे हारेगा कोरोना? ये तस्वीरें दे रहीं हमारी नासमझी की गवाही

देश
लव रघुवंशी
Updated Mar 24, 2020 | 11:25 IST

कोरोना वायरस के प्रकोप को रोकने के लिए देश के 560 जिलों में लॉकडाउन किया गया है। इसके बावजूद ऐसी कई तस्वीरें सामने आ रही हैं कि लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं और बाजारों में भीड़ जमा हो रही है।

lockdown in india
ये तस्वीर शाहीन बाग की है 
मुख्य बातें
  • देश के 32 राज्यों/केंद्र शासिल प्रदेशों के 560 जिलों में लॉकडाउन लागू कर दिया गया है
  • लॉकडाउन के बावजूद कई जगह लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं और कई जगह भीड़ जमा हो रही है
  • लॉकडाउन का पालन न करने पर सरकारें सख्त कदम उठाने को मजबूर हुई हैं। कई जगह कर्फ्यू भी लगाया

नई दिल्ली: देश के 30 राज्यो/केंद्र शासित प्रदेशों के 548 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। पंजाब-महाराष्ट्र समेत कई जगह कर्फ्यू लगा दिया गया है। लोगों से बार-बार घर में रहने की अपील की गई है। अधिकतर लोग इसका पालन कर रहे हैं, देश की ज्यादातर सड़कें सुनसान पड़ी हुई है। कई जगह सन्नाटा छाया हुआ है। लेकिन इसके बावजूद कुछ ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं जो चिंता बढ़ा रही हैं। अभी भी कई लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। वो घरों से बाहर निकल रहे हैं।

ये सही बात है कि लॉकडाउन में जरूरी कामों और आवश्यक चीजों के लिए घरों से बाहर निकलने की अनुमति है, लेकिन तस्वीरें बता रही हैं कि इससे भी कई जगह भीड़ जमा हो जा रही है, जो कि बेहद खतरनाक है। 

हमें कोरोना को हराना है तो सोशल डेस्टिंसिंग का पालन करना होगा और इसका सबसे सीधा उपाय ये है कि हम अपने-अपने घरों में बंद हो जाएं, बाहर ना निकलें। 

महाराष्ट्र के पुणे के कृषि उत्पादन बाजार समिति (APMC) के बाजार में परिवहन वाहनों और स्थानीय लोगों की भीड़ देखी गई, जबकि यहां कर्फ्यू लगाया गया है। पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना के पानपुर में एक स्थानीय बाजार में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। यहां भी लॉकडाउन लगाया गया है। 

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के एक थोक बाजार में बड़ी तादाद में लोग इकट्ठे हुए। प्रयागराज में भी लोग सब्जी खरीदने के लिए बाहर निकले और भीड़ जमा हो गई। 

केजरीवाल ने दी सख्त चेतावनी
ये सभी तस्वीरें हमारी समझ पर सवाल खड़ा करने के लिए काफी हैं। सरकारों द्वारा कहा गया है कि अगर लोगों ने लॉकडाउन का पालन नहीं किया तो वे सख्त रूख अपनाएंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चेतावनी दी कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लॉकडाउन सभी के फायदे के लिए है और यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि वायरस का और प्रसार नहीं हो। उन्होंने इटली और अमेरिका का उदाहरण भी दिया जहां शुरू में कोरोना वायरस की संख्या सैकड़ों में थी लेकिन कुछ हफ्ते के अंदर काफी तेजी से बढ़ गई। 

उल्लंघन करने पर कार्रवाई भी हुई
नोएडा में लॉकडाउन का उल्लंघन करने को लेकर 96 लोगों के खिलाफ धारा 188 के तहत अभियोग पंजीकृत की गई जबकि 1995 व्यक्तियों का चालान एवं जुर्माना किया गया है। जयपुर में 111 वाहन जब्त किए गए। पंजाब-महाराष्ट्र में इन्हीं के चलते कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया गया। 

लॉकडाउन की वजह से तीन माह से भी ज्यादा वक्त से चल रहे शाहीन बाग धरने को पुलिस ने आज सुबह हटा दिया। इसके बावजूद लोगों की भीड़ धरनास्थल के पास इकट्ठी हुई। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर