मंदिर-रेल, काशी यात्रा से लेकर चाय की चुस्कियां- PM मोदी को याद आए आबे संग ये सुनहरे पल, बोले- नहीं सोचा था कि...

देश
अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ता | Principal Correspondent
Updated Jul 08, 2022 | 21:26 IST

शिंजो आबे जापान के सबसे शक्तिशाली और प्रभावशाली नेताओं में शुमार थे।

Shinzo Abe, Narendra Modi, Japan, India
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के पूर्व पीएम और अपने मित्र शिंजो आबे के साथ भेंट का यह पुराना फोटो शुक्रवार को टि्वटर पर शेयर किया।  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • जापान के पूर्व प्रधानमंत्री की चुनाव प्रचार के दौरान गोली मारकर कर दी गई हत्या
  • PM मोदी ने जताया दुख, बोले- मेरे और भारत के थे विश्वसनीय दोस्त; एक दिन का शोक घोषित
  • 67 वर्षीय आबे का संदिग्ध हमलावर गिरफ्तार, किशिदा ने कहा- ये ‘कायराना और बर्बर’

शिंजो आबे की निर्मम हत्या पर न केवल जापान दुखी हुआ, बल्कि भारत में भी उनके चाहने वाले मायूस हुए। ऐसे ही हिंदुस्तानियों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हैं। बेहद जज्बाती होते हुए उन्होंने शुक्रवार (आठ जुलाई, 2022) को अपने जापानी मित्र के निधन पर ब्लॉग लिखा। उन्होंने इसमें आबे के साथ बिताए उन खास लम्हों का जिक्र किया, जिनमें मंदिर, रेल और काशी यात्रा से लेकर चाय की चुस्कियां लेना शामिल था। 

पीएम मोदी का यह भावुक ब्लॉग उनकी वेबसाइट पर भी प्रकाशित हुआ है। 'माई फ्रेंड, आबे सान' (My Friend, Abe San) शीर्षक वाले इस लेख में उन्होंने बताया, "जापान और दुनिया ने एक बड़ा विजनरी व्यक्ति और मैंने एक प्रिय दोस्त खो दिया। मैं आबे से पहली बार 2007 में मिला था। मैं तब गुजरात का सीएम था और जापान के दौरे पर था। उस मुलाकात से ही हमारी दोस्ती गहराती गई और वह दफ्तरों और आधिकारिक प्रोटोकॉल्स से कहीं आगे निकल गई थी"

आबे के साथ बिताए सुनहरे पलों को याद करते हुए पीएम ने आगे लिखा, "क्योटो में तोजी मंदिर में हमारा दौरा, शिनकांसेन में रेल यात्रा, गुजरात के अहमदाबाद में साबरमती आश्रम की विजिट, काशी में गंगा आरती और टोक्यो में शानदार चाय वाला समारोह...इन शानदार लम्हों की लंबी फेहरिस्त है।" उन्होंने अपने ब्लॉग में इन घटनाक्रमों से जुड़ी कुछ यादगार तस्वीरें भी साझा कीं। बकौल भारतीय पीएम, "2007 और 2012 के बीच और 2020 में जब वह जापान के पीएम नहीं थे तब भी हमारे संबंध मधुर और मजबूत रहे। गवर्नेंस, इकनॉमी, संस्कृति, विदेश नीति और अन्य मसलों पर हमेशा उनके पास नए आइडिया रहते थे।" 

जापान के पूर्व PM शिंजो आबे का निधन, नारा शहर में भाषण देते समय हमलावर ने मारी थी गोली

प्रधानमंत्री ने आगे लिखा कि भारत-जापान संबंधों में उनके योगदान के लिए साल 2021 में उन्हें प्रतिष्ठित पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उनके मुताबिक, "इस साल मई में अपनी जापान यात्रा के दौरान मुझे आबे से मिलने का मौका मिला, जिन्होंने अभी-अभी जापान-भारत संघ के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया था। वह सामान्य आत्म-ऊर्जावान, मनोरम, करिश्माई और मजाकिया किस्म के व्यक्ति थे। उनके पास भारत-जापान की दोस्ती को और मजबूत करने के बारे में नए विचार थे। उस दिन जब मैंने उन्हें अलविदा कहा था, तो मैंने सोचा भी नहीं था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी।" हिंदुस्तानी पीएम ने आगे बताया कि वह उनकी गर्मजोशी और ज्ञान, कृपा और उदारता, दोस्ती और मार्गदर्शन के लिए हमेशा ऋणी रहेंगे। साथ ही उन्हें बहुत याद करेंगे।

आबे भारत के जन-मन में सालों-साल तक बसे रहेंगे- PM
बीजेपी के दिवंगत नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की याद में नई दिल्ली में हुए ‘‘पहले अरुण जेटली स्मृति व्याख्यान’’ में उन्होंने आबे को अपना घनिष्ठ मित्र और भारत का ‘‘विश्वसनीय दोस्त’’ बताया। साथ ही कहा कि पूर्व जापानी पीएम के कार्यकाल में भारत-जापान के राजनीतिक रिश्तों को नई ऊंचाई मिली। आज भारत में जापान के सहयोग से जो काम हो रहे हैं, उनकी बदौलत आबे भारत के जन-मन में सालों-साल तक बसे रहेंगे।

पूर्व पीएम की हत्या को किशिदा ने बताया ‘‘कायराना और बर्बर’’
दरअसल, आबे जब देश के पश्चिमी हिस्से में चुनाव प्रचार के दौरान एक कार्यक्रम में भाषण दे रहे थे, तभी उन्हें गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया, पर बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माने जाने वाले जापान में 67 वर्षीय आबे को गोली मारे जाने की घटना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया। प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और उनके कैबिनेट मंत्री देशभर में अन्य प्रचार अभियानों को बीच में रोक कर तोक्यो लौट आए। किशिदा ने हमले को ‘‘कायराना और बर्बर’’ बताया। कहा- यह अपराध अक्षम्य है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर