कोरोना का डर! भारत से वापस नहीं जाना चाहते हजारों अमेरिकी नागरिक 

देश
आलोक राव
Updated Apr 13, 2020 | 11:58 IST

अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारी इयान ब्राउनली ने पिछले सप्ताह वाशिंगटन डीसी में पत्रकारों के साथ बातचीत में बताया कि बड़ी संख्या में अमेरिकी नागरिक भारत में ही रुकना चाह रहे हैं।

 US nationals do not want to return America prefer to stay in India
भारत में बड़ी संख्या में मौजूद हैं अमेरिका नागरिक।  |  तस्वीर साभार: AP
मुख्य बातें
  • भारत में बड़ी संख्या में मौजूद हैं अमेरिकी नागरिक, वापस नहीं लौटना चाहते
  • अमेरिकी विदेश विभाग लगातार अपने नागरिकों के साथ संपर्क में है
  • कोविड-19 के प्रकोप से बुरी तरह प्रभावित हो गया है अमेरिका

नई दिल्ली : कोविड-19 का प्रकोप झेल रहे दुनिया के देश बाहरी मुल्कों में फंसे अपने नागरिकों को निकालने में जुटे हैं। भारत भी चीन और ईरान से अपने नागरिकों को स्वदेश लाया है। ऑस्ट्रेलिया ने पिछले दिनों अपने 444 नागरिकों को भारत से निकालकर अपने यहां ले गया लेकिन अमेरिका के नागरिक यहां रुकना ज्यादा उचित समझ रहे हैं। बता दें कि कोविड-19 से अमेरिका सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। वहां बड़ी संख्या में लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। 

टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस सप्ताह के शुरुआत में एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि अमेरिका विदेश विभाग भारत में फंसे अपने नागरिकों को निकालने के लिए विशेष विमान चला रहा है फिर भी कई अमेरिकी नागरिकों ने भारत में ही रुकना पसंद किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ दिनों पहले बताया कि दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से 50, 000 से ज्यादा नागरिकों को स्वदेश लाया गया है। 

भारत में 24,000 अमेरिकी नागिरक
अमेरिकी विदेश विभाग के अधिकारी इयान ब्राउनली ने पिछले सप्ताह वाशिंगटन डीसी में पत्रकारों के साथ बातचीत में बताया कि बड़ी संख्या में अमेरिकी नागरिक भारत में ही रुकना चाह रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हमारे स्टॉफ ने भारत में 800 अमेरिकी नागरिक से पूछा कि क्या वे वापस लौटने के लिए फ्लाइट चाहते हैं लेकिन इसमें से केवल 10 लोग ऐसे थे जिन्होंने सकारात्मक जवाब दिया। इससे जाहिर है कि लोग अमेरिका वापस आने के बारे में तय नहीं कर पा रहे हैं।' ब्राउनली ने कहा कि भारत में अभी भी 24,000 अमेरिकी नागरिक हैं और विभाग इन नागरिकों को ट्रैक कर रहा है।

अब तक 20,473 विदेश नागरिक गए स्वदेश
इस बीच, कोविड-19 पर बनी टीम के प्रभारी एवं भारतीय विदेश मंत्रालय के सचिव दामू रवि ने पत्रकारों को बताया कि मंत्रालय ने अब तक 20,473 विदेशी नागरिकों को उनके देश वापस भेजने की व्यवस्था की है। ब्रिटेन इस सप्ताह कोलकाता, अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, हैदराबाद, चेन्नई, गोवा, मुंबई और नई दिल्ली से 12 विशेष विमानों से अपने नागरिकों को वापस बुलाने की तैयारी में है। पिछले सप्ताह तक ब्रिटेन के 35,000 नागरिक भारत में मौजूद थे और इनमें से 20,000 नागरिकों ने वापस जाने का फैसला किया।

अपने नागरिकों को निकाल रहा ब्रिटेन
दक्षिण एशिया एवं कॉमनवेल्थ देशों के लिए ब्रिटेन के मंत्री  तारिक अहमद ने कहा, 'हम भारत में मौजूद अपने हजारों नागरिकों को वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। यह एक जटिल एवं बड़ा अभियान है। इस अभियान में हमें भारत सरकार की भी मदद लेनी है। गुरुवार सुबह करीब 300 से ज्यादा लोग गोवा से वापस लौटे। ईस्टर के सप्ताह में 1400 लोग और ब्रिटेन पहुंचेंगे। इसके बाद 12 विमानों से हजारों लोगों को वापस स्वदेश लाया जाएगा।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर