BJP's manifesto for Bihar: घोषणापत्र में 19 लाख नौकरी, कोरोना का मुफ्त टीका देने का BJP का वादा

Bihar Chunav 2020: भाजपा के 'संकल्प पत्र' को जारी करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बिहार ऐसा राज्य है जहां के सभी नागरिक राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील एवं जागरूक हैं।

BJP  manifesto for Bihar Polls Nirmala Sitaraman releases party's sankalp patra
घोषणापत्र में BJP के 11 'संकल्प', कोरोना वैक्सीन का मुफ्त टीका सहित कई वादे।  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • घोषणापत्र में बिहार को 'आत्मनिर्भर' बनाने की पीएम मोदी के विजन की दिखी झलक
  • 19 लाख नौकरियों के वादे से युवा वर्ग को साधने की कोशिश, कोराना का टीका मुफ्त
  • राज्य में तीन लाख नए शिक्षकों की भर्ती की घोषणा, दरभंगा में बनेगा एम्स

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को अपना 'संकल्प पत्र' (घोषणापत्र) जारी किया। इस घोषणापत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प जताया गया है। भाजपा के 'संकल्प पत्र' को जारी करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बिहार ऐसा राज्य है जहां के सभी नागरिक राजनीतिक रूप से काफी संवेदनशील एवं जागरूक हैं। उन्होंने कहा कि यहां के लोग दलों की ओर से किए जाने वाले वादों को अच्छी तरह से समझते हैं। भाजपा ने राज्य के लोगों को 11 वादे किए हैं जिनमें सभी को मुफ्त कोरोना वैक्सीन, तीन लाख नए शिक्षकों की नियुक्ति, आईटी सेक्टर में 5 लाख से ज्यादा रोजगार, 50,000 करोड़ से 1 करोड़ महिलाएं स्वावलंबी बनाने और स्वास्थ्य विभाग में 1 लाख नौकरियां देने सहित कई वादे किए गए हैं।

घोषणापत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन 'आत्मनिर्भर बिहार' की झलक साफ दिखती है। पार्टी ने अपने इस घोषणापत्र के जरिए राज्य के सभी वर्गों को साधने की कोशिश की है। सभी लोगों के लिए कोरोना की वैक्सीन मुफ्त देने, युवकों को 19 लाख नौकरियां, तीन लाख शिक्षकों की भर्ती, 30 लाख पक्का मकान बनाने और स्वास्थ्य क्षेत्र में एक लाख नौकरियां देने का वादा किया गया है। 

वित्त मंत्री ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद डॉ. संजय जायसवाल, बिहार चुनाव प्रभारी पूर्व सीएम देवेन्द्र फडणवीस, बिहार भाजपा प्रभारी भूपेन्द्र यादव, केंद्रीय मंत्रियों में रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह सहित अन्य नेता मौजूदगी में चुनावी घोषणा पत्र को जारी किया।

पूरा पढ़ें-बिहार चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र

भाजपा ने दरभंगा में एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निर्माण की बात कही है। भाजपा के घोषणापत्र की मुख्य बातें इस प्रकार हैं-

  1. सभी के लिए कोरोना वायरस का टीका मुफ्त
  2. पांच सालों में राज्य में कुल 19 लाख नौकरी का वादा
  3. दरभंगा में AIIMS की स्थापना
  4. राज्य में तीन लाख नए शिक्षकों की भर्ती
  5. 2022 तक गरीबों के लिए 30 लाख पक्के मकान
  6. दुग्ध उत्पादन के लिए अगले दो वर्षों में नई प्रोसेसिंग यूनिटों की स्थापना
  7. गेहूं एवं चावल के अलावा दालों पर एमएसपी देने का वादा
  8. स्वास्थ्य क्षेत्र में एक लाख नौकरियां देने का वादा

घोषणापत्र जारी करने के बाद सीतारमण ने दावा किया कि एनडीए के शासनकाल में राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में वृद्धि तेज हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य की जीडीपी 3 प्रतिशत से बढ़कर 11.3 प्रतिशत हुई है। केंद्रीय वित्त मंत्री ने राज्य के लोगों से एनडीए के पक्ष में वोट करने की अपील की। उन्होंने कहा, 'अगले पांच वर्षों के लिए नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। उनके शासन में राज्य उन्नत होगा और देश का एक विकसित प्रदेश बनेगा।'


 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर