कोरोना वायरस खौफजदा श्रीलंका ने चीनी पर्यटकों के लिए वीजा पर लगाई रोक

कोरोना वायरस से चीन में जहां मरने वालों की संख्‍या 100 को पार गई है, वहीं अन्‍य देशों में भी इसका खौफ देखा जा रहा है। इस बीच श्रीलंका ने चीनी पर्यटकों के लिए अपनी वीजा नीति में फौरी बदलाव किया है।

Amid outbreak of coronavirus in china Sri Lanka imposes visa restrictions on chinese tourists
कोरोना वायरस को देखते हुए श्रीलंका ने चीनी पर्यटकों के लिए अपनी वीजा नीति में बदलाव किया है (फाइल फोटो)  |  तस्वीर साभार: AP

कोलंबो : चीन में फैले कोरोना वायरस का असर कई देशों में भी बढ़ता जा रहा है। थाईलैंड, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, जापान के साथ-साथ यूरोप में भी ऐसा मामला सामने आया है। इसके अलावा श्रीलंका में भी ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बाद प्रशासन ने यहां आने वाले चीनी पर्यटकों के लिए वीजा पर रोक लगा दी गई है। श्रीलंका ने यह कदम चीन के हुबेई प्रांत से पर्यटक के तौर पर आई 40 वर्षीय महिला के इस जानलेवा वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद उठाया है।

महिला पिछले सप्ताह ही चीन से पर्यटक वीजा पर श्रीलंका पहुंची थी। उसके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद श्रीलंका ने चीनी यात्रियों के लिए आगमन पर वीजा देने की अपनी नीति पर फिलहाल रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि हवाईअड्डे से बाहर निकलते समय जब महिला की जांच की गई तो उसके वायरस से संक्रमित होने का मामला सामने आया, जिसके बाद उसे संक्रामक रोगों के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारियों का कहना है कि चीन के यात्रियों को अब श्रीलंका से वीजा हासिल करने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के जरिये आवेदन करना होगा। चीन में कोरोना वायरस के कारण अब तक 106 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 4,515 मामले सामने आए हैं। इसके भारत में भी कई संदिग्ध मामले सामने आए हैं। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

अगली खबर