अमेरिका में व्‍हाइट हाउस के पास गोलीबारी, 1 की मौत, कई घायल

दुनिया
Updated Sep 20, 2019 | 11:09 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में हुई गोलीबारी में 1 शख्‍स की मौत हो गई है, जबकि कई अन्‍य घायल हो गए हैं। जिस जगह गोलीबारी हुई, वह व्‍हाइट हाउस से महज 3 किलोमीटर दूर है।

Shooting in US
वाशिंगटन डीसी में शूटिंग हुई है  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • अमेरिका के वाशिंंगटन डीसी में गोलीबारी हुई है
  • गोलीबारी जिस जगह हुई है, वह व्‍हाहट हाउस से बहुत दूर नहीं है
  • इस घटना के बाद यहां बंदूक नियंत्रण कानून की मांग फिर उठ सकती है

वाशिंगटन : अमेरिका के वाशिंगटन डीसी में गोलीबारी हुई है, जिसमें 1 की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए हैं। यह गोलीबारी स्थानीय समयानुसार गुरुवार रात करीब 10 बजे हुई। इस घटना में फिलहाल 5 लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। अभी गोलीबारी के कारणाों का पता नहीं चल पाया है। गोलीबारी 14वीं स्‍ट्रीट ओर कोलंबिया रोड के चौराहे पर हुई।

स्‍थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस जगह यह गोलीबारी हुई, वह व्‍हाइट हाउस से महज दो मील (लगभग तीन) किलोमीटर दूर है। व्‍हाइट हाउस के पास होने के कारण वहां पुलिस की तैनाती पहले से ही अधिक थी, जिन्‍होंने गोलीबारी के तुरंत बाद मोर्चा संभाल लिया। घायलों में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसकी जांच की जा रही है कि आखिर किन कारणों से ये गोलीबारी हुई। जांच अधिकारी प्रत्‍यदर्शियों से पूछताछ करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रहे हैं।

यह घटना अमेरिका में बंदूक नियंत्रण के लिए उठ रही मांगों के बीच हुई है। इस गोलीबारी के बाद एक बार फिर यहां शस्‍त्र नियंत्रण कानून की मांग जोर पकड़ सकती है। अमेरिका में बंदूक नियंत्रण को लेकर कोई सख्‍त कानून नहीं होने के कारण यहां गोलीबारी की कई घटनाएं होती रही हैं। यहां स्‍कूलों में भी गोलीबारी की कई घटनाएं हुई हैं, जिससे स्‍टूडेंट्स, टीचर सहित बड़ी संख्‍या में लोग हताहत हुए हैं।

अमेरिकी के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा भी यहां बंदूक नियंत्रण कानून के पक्ष में रहे हैं, पर अपने लगातार दो कार्यकाल में भी उन्‍हें इस दिशा में कामयाबी नहीं मिल पाई। माना जाता है कि यहां हथियार निर्माण करने वाली लॉबी बहुत सशक्‍त है और वे इस दिशा में कानून बनाने के मार्ग में सबसे बड़े अवरोधक हैं।

एक अनुमान के मुताबिक, अमेरिका में करीब 88 प्रतिशत लोगों के पास बंदूकें हैं, जो दुनियाभर में प्रति व्‍यक्ति बंदूक की संख्‍या की दृष्टि से सबसे अधिक है। बताया जाता है कि यहां बंदूक खरीदना उतना ही आसान है, जितना क‍ि भारत में लोगों के लिए लाठी-डंडे रखना।

 

अगली खबर