4 June, Throwback: आज ही के दिन फेंकी गई थी 'शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद', अब भी वीडियो करता है हैरान

Cricket Throwback 4th June: क्रिकेट इतिहास में कई गेंदबाज आए और गए लेकिन कुछ ही ऐसे थे जो अपनी ऐसी छाप छोड़ गए कि आज भी याद आते हैं। उन्हीं में से एक थे ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर शेन वॉर्न।

Shane Warne ball of the century
शेन वॉर्न की 'शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद' (ICC)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • आज ही के दिन दुनिया ने देखी थी 'शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद'
  • शेन वॉर्न ने बल्लेबाज के साथ-साथ पूरी अपनी फिरकी से पूरी दुनिया को किया था हैरान
  • अब भी लोग उस गेंद का वीडियो देखकर रह जाते हैं चकित

नई दिल्लीः क्रिकेट के मैदान पर आपने कई बेहतरीन गेंदबाजों को देखा होगा। उनके कई ऐसे प्रदर्शन देखे होंगे जिन्होंने करोड़ों दिल जीते लेकिन एक गेंदबाज ऐसा था जिसने ऐसे कमाल अपने करियर में कई बार किए। वो थे ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ले स्पिनर शेन वॉर्न। वहीं, शेन वॉर्न ने बेशक अपने करियर में कई यादगार रिकॉर्ड बनाए लेकिन आज भी जब उनको लेकर किसी एक चीज की सबसे ज्यादा चर्चा होती है, तो वो है- 'शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद'। एक ऐसी गेंद जिसका वीडियो आज भी देखा जाता है और आज भी लोग चकित रह जाते हैं।

आज ही के दिन हुआ था कमाल: शेन वॉर्न ने आज ही के दिन यानी 4 जून को अपने करियर व शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद को फेंका था। उन्होंने वो गेंद किसी छोटी-मोटी टीम के खिलाफ नहीं बल्कि इंग्लैंड की दिग्गज टीम के खिलाफ सबसे प्रतिष्ठित एशेज सीरीज में की थी। एक ऐसी गेंद जिसकी फिरकी ने बल्लेबाज से लेकर तमाम फैंस व खिलाड़ियों को हैरान करते हुए दिल जीत लिया था।

23 वर्षीय गेंदबाज ने दी दस्तक: पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर शेन वॉर्न ने क्रिकेट के मैदान पर लंबा सफर तय किया लेकिन जब उन्होंने शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद फेंकी थी, तब वो सिर्फ 23 साल के थे। आज ही के दिन 27 साल पहले (4 जून 1993) शेन वॉर्न ने इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज माइक गैटिंग के होश उड़ाए थे। उन्होंने एक ऐसी गेंद फेंकी जो लेग स्टंप के काफी बाहर जाकर गिरी और वहां से घूमते हुए ऑफ स्टंप ले उड़ी। कुछ सेकेंड के लिए माइक गैटिंग भी सोचते रह गए कि आखिर हुआ क्या।

आज भी देखते हैं वीडियो: यू-ट्यूब पर आज भी क्रिकेट प्रशंसक शेन वॉर्न की उस गेंद का वीडियो खोजकर देखते हैं और जितनी बार देखते हैं, चकित रह जाते हैं। वॉर्न की इस गेंद को अलग-अलग वीडियोज के जरिए सालों से करोड़ों बार देखा गया है। ये है उस गेंद का वीडियो..

गेंद के बारे में शेन वॉर्न ने क्या कहा था, ICC ने जारी किया बयान का वीडियो: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भी शेन वॉर्न का एक पुराना वीडियो शेयर किया है जिसमें वो उस लाजवाब गेंद के बारे में बात करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में शेन वॉर्न कहते हैं, 'शताब्दी की सर्वश्रेष्ठ गेंद एक तुक्का था। सच में, मैंने दोबारा कभी वैसा नहीं किया। शायद वो होना ही था। एक लेग स्पिनर के तौर पर हम हमेशा एक बेहतरीन लेग स्पिन फेंकना चाहते हैं। उस गेंद ने मेरी दुनिया बदल दी, मैदान के अंदर और मैदान के बाहर भी। माइक गैटिंग स्पिन के खिलाफ खेलने वाले इंग्लैंड के बेस्ट बल्लेबाज थे, इसलिए वो एक खास पल था।'

शेन वॉर्न ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 1001 विकेट लिए। वो ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज हैं। उनके अलावा ये कमाल सिर्फ श्रीलंका के पूर्व ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीथरन ने किया जो 1347 विकेटों के साथ शीर्ष स्थान पर आज भी जमे हुए हैं। शेन वॉर्न की एक खास बात ये भी थी कि कैसी भी स्थिति हो, वो गेंद के साथ जादू करना जानते थे। यही वजह थी कि सबसे कठिन मानी जाने वाली एशेज क्रिकेट सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ वॉर्न ने अपने करियर में 36 मैचों के अंदर 195 विकेट हासिल किए थे। वॉर्न ने वनडे क्रिकेट में 293 विकेट लिए जबकि टेस्ट क्रिकेट में 708 विकेट झटके थे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर