IPL 2020 देगा एमएस धोनी को ये 3 सुनहरे रिकॉर्ड बनाने का मौका, क्या इतिहास रचेंगे 'कैप्टन कूल'

Indian Premier League 2020: महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2020 में एक बार फिर मैदान पर वापसी कर रहे हैं। वह विश्व कप 2019 के बाद से मैदान पर नजर नहीं आए हैं। अब वो 3 बड़े रिकॉर्ड्स के करीब हैं।

ms dhoni
महेंद्र सिंह धोनी तीन रिकॉर्ड्स के करीब  |  तस्वीर साभार: PTI

नई दिल्ली: दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी फिलहाल क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत की हार के बाद से एक भी वनडे या टी20 मैच नहीं खेला है। विश्व कप के बाद से ही उनके संन्यास लेने की खबरें लगातार चर्चा में रही हैं लेकिन धोनी ने खुद इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया। धोनी अब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन में मैदान पर नजर आएंगे जिसका आगाज इसी महीने होगा।

38 वर्षीय धोनी आईपीएल में एक कामयाब कप्तान होने  के साथ-साथ इस टूर्नामेंट के सबसे सफल खिलाड़ियों में से भी एक हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी का भार एक बार फिर धोनी के कंधो पर होगा। सीएसके के फैंस धोनी की कप्तानी में अपनी टीम को रिकॉर्ड चौथी बार विजेता बनते हुए देखना चाहेंगे लेकिन कुछ रिकॉर्ड्स हैं जिनपर खुद 'कैप्टन कूल' की भी नजर होगी। आइए जानते हैं धोनी आईपीएल 2020 में कौन से तीन रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं?

200 आईपीएल मैच का कारनामा

महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। वह अब तक 190 मैच खेल चुके हैं। उनके पास आगामी सत्र में 200 आईपीएल मैच खेलने वाले खिलाड़ी बनने का मौका है जो एक बड़ी बड़ी उपलब्धि होगी। हालांकि, इस मामले में उन्ही टीम के साथी खिलाड़ी सुरेश रैना टॉप पर हैं। रैना ने 193 आईपीएल मैच खेले हैं। वह धोनी से सिर्फ 3 मैच आगे हैं। इनके दोनों के अलावा मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा भी 200 आईपीएल मैच खेलने का कारनामा अंजाम देने के करीब हैं। उन्होंने अब तक 188 मैच खेले हैं। 

टी20 में 250 शिकार का रिकॉर्ड

धोनी की मैदान पर फुर्ती गजब की होती है। वह टी20 क्रिकेट में विकेट के पीछे शिकार करने के मामले में अभी टॉप पर हैं। उन्होंने 317 टी20 मुकाबलों में विकेट के पीछे 248 डिसमिसल किए हैं। अगर धोनी आईपीएल 2020 में दो और शिकार कर लेते हैं तो वह टी20 क्रिकेट इतिहास में 250 डिसमिसल करने वाले पहले विकेटकीपर बन जाएंगे। बता दें कि धोनी ने अब तक टी20 क्रिकेट में 165 कैच और 83 स्टंपिंग की हैं। उनके बाद दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के कमरान अकमल हैं जिनके नाम 236 डिसमिसल हैं।

7 हजारी बनने के करीब

धोनी के पास आगामी सीजन में टी20 क्रिकेट में अपने 7000 रन बनाने का भी अवसर होगा। धोनी अगर ऐसा करने में सफल हो जाते हैं तो वह 7000 या उससे अधिक रन बनाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे। उन्होंने अब तक अब तक टी20 में 6621 रन बनाए हैं। उन्हें 7000 रन पूरे करने के लिए 379 रनों की दरकार है। धोनी ने आईपीएल में 4432 रन बनाए हैं जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 1617 रन दर्ज हैं। वहीं, अन्य टी20 मैचों में उन्होंवे 577 रन बनाए हैं। धोनी से पहले विराट कोहली, सुरेश रैना, रोहित शर्मा और शिखर धवन टी20 क्रिकेट में 7000 या इससे अधिक रन बना चुके हैं।

धोनी ने शुरू की ट्रेनिंग

धोनी आईपीएल के आगामी सत्र के लिए ट्रेनिंग शुरू कर दी है। चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान धोनी खेलने से पहले तैयारियों के लिए चेन्नई में हैं। मंगलवार को एक वीडीयो सीएसके ने ट्विटर पर शेयर किया जिसमें धोनी और टीम के साथी सुरेश रैना गले मिलते नजर आए। आईपीएल 2020 की शुरुआत चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच 29 मार्च को मुंबई में होने वाले मुकाबले के साथ होगी। खबरों की मानें तो धोनी के सुरेश रैना और अंबाती रायुडू जैसे खिलाड़ियों के साथ दो हफ्ते अभ्यास करने की उम्मीद है। इसके बाद वह ब्रेक लेंगे और फिर वापस लौटेंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर