Delhi Crime: सास-बहू में अफेयर का था शक, बुजुर्ग ने पत्‍नी और बहू को चाकुओं से गोदकर मार डाला

दिल्ली समाचार
Updated Dec 06, 2019 | 17:57 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi double murder case: दिल्‍ली में एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर अपनी पत्‍नी व बहू की चाकुओं से गोदकर हत्‍या कर दी, क्‍योंकि उसे संदेह था कि सास-बहू के बीच नायायज संबंध थे।

Delhi Crime: सास-बहू में अफेयर का था शक, बुजुर्ग ने पत्‍नी और बहू को चाकुओं से गोदकर मार डाला
Delhi Crime: सास-बहू में अफेयर के संदेह में एक बुजुर्ग ने दोनों की जान ले ली (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)  |  तस्वीर साभार: Getty Images

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली से एक हैरान करने वाला वाकया सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग ने अपनी बहू और पत्‍नी को सिर्फ इसलिए चाकुओं से गोदकर मार डाला, क्‍योंकि उसे शक था कि दोनों के बीच नाजायज संबंध थे। पुलिस ने आरोपी शख्‍स को गिरफ्तार कर लिया है, जो रिटायर टीचर बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना दिल्‍ली के रोहिणी इलाके में गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। बताया जाता है कि सास व बहू के संबंध काफी अच्‍छे थे और अन्‍य परिवारों में उसकी मिसाल दी जाती थी, लेकिन उसी परिवार के शख्‍स को यह रास नहीं आता था। उसे हमेशा अपनी पत्‍नी और बहू के बीच अवैध संबंधों का अंदेशा होता था और इसे लेकर घर में आए दिन लड़ाई-झगड़ा भी होता था।

सास-बहू में गलत संबंधों का शक उस पर इस कदर सवार हुआ कि यह दो मौतों का कारण बन गया। आरोपी रिटायर्ड टीचर की उम्र 62 साल के आसपास बताई जा रही है, जबकि उसकी पत्‍नी की उम्र भी यही थी। बताया जाता है कि वह दिल्‍ली परिवहन निगम में कार्यरत थीं और कुछ समय पहले ही रिटायर हुई थीं, जबकि बहू की उम्र 35 साल बताई जा रही है।

महिला का पति व बुजुर्ग दंपति का बेटा सिंगापुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया जा रहा है। पुलिस को घटना की सूचना आरोपी के दूसरे बेटे ने सुबह करीब 6 बजे दी, जो उनके साथ रहता था। उसने पुलिस को बताया कि मां और भाभी को बचाने के क्रम में वह भी घायल हो गया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उसे दोनों महिलाओं के शव खून से लथपथ मिले। पुलिस ने इस सिलसिले में आरोपी रिटायर टीचर को गिरफ्तार कर लिया है।

Delhi News in Hindi (दिल्ली न्यूज़), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर