Times Now नवभारत से CM योगी बोले- 2022 के चुनाव में 325 से ज्यादा सीटें जीतेंगे, सपा पर किया तीखा हमला

UP CM Yogi Adityanath Interview with Times Now Navbharat: उत्तर प्रदेश विधानभा चुनाव को लेकर गहमागहमी तेज हो गई है। सीएम योगी ने गुरुवार को विपक्ष पर तीखा हमला बोला।

UP CM Yogi Adityanath Interview with Times Now Navbharat
टाइम्स नाउ नवभारत के साथ यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की खास बातचीत। 
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान
  • सीएम योगी ने कहा कि 2022 के चुनाव में 325 से ज्यादा सीटें जीतेगी भारतीय जनता पार्टी
  • ओवैसी के बारे में कहा कि यूपी की राजनीति में एआईएमआईएम के लिए कोई चुनावी जमीन नहीं

UP CM Yogi Adityanath Interview : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। टाइम्स नाउ नवभारत के कंसल्टिंग एडिटर सुशांत सिन्हा के साथ खास बातचीत में सीएम योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी विस चुनाव में 325 से ज्यादा सीटें जीतेगी। इस इंटरव्यू में मुख्यमंत्री ने अपने चुनावी प्रतिद्वंद्वियों सपा-रालोद गठबंधन, कांग्रेस, बपसा, एआईएमआईएम और AAP पर बेबाकी से अपनी बात रखी। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार ने बिना भेदभाव के लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है और उन्हें भरोसा है कि जनता दोबारा भाजपा को सरकार बनाने का मौका देगी।  

सीएम योगी के इंटरव्यू के खास अंश

'यूपी में ओवैसी की लिए कोई जगह नहीं' 

यूपी में ओवैसी के चुनाव लड़ने पर सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की राजनीति में ओवैसी की लिए कोई जगह नहीं है, एआईएमआईएम प्रमुख के लिए उत्तर प्रदेश की जमीन बंजर है। यूपी की जनता ओवैसी के बहकावे में नहीं आएगी। 

CM योगी आदित्यनाथ का पूरा इंटरव्यू

इस सवाल पर कि क्या मुस्लिम भाजपा को वोट देगा?

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसी जाति मजहब के आधार पर वोट नहीं मांग रहे हैं। डबल इंजन की सरकार का लाभ समाज के सभी वर्गों को मिला है। हम अपनी उपलब्धियों के आधार पर जनता से वोट मांग रहे हैं। गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हमने बिना भेदभाव के लोगों तक पहुंचाया है, जिन्हें लगता है कि तीन तलाक कानून को खत्म किया जाना सही है, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से उनकी आस्था को सम्मान मिला है तो वे भाजपा को वोट देंगे।  

क्या दोबारा सरकार बनने पर मथुरा से मस्जिद हटेगी?

सीएम ने कहा कि मथुरा में भगवान कृष्ण की पूजा होती है। अयोध्या में भगवान राम, काशी में भगवान शिव और बरसाने में राधा-रानी की पूजा होती है। आस्था का सम्मान हमारी प्राथमिकता है। मथुरा में लोग कहते हैं कि यहां भगवान की कृष्ण की पूजा होती है। मथुरा से मस्जिद हटाने के सवाल पर सीएम ने कहा कि इसमें बनने-बिगाड़ने की कोई बात नहीं है। 

यूपी चुनाव में क्या BSP एक फैक्टर है?

सीएम योगी ने कहा कि अभी इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता। दूसरे नंबर की लड़ाई कौन लड़ रहा है, यह देखने की आवश्यकता है। कुछ आश्चर्यजनक परिणाम आ सकते हैं। लोकसभा चुनाव में सपा तीसरे स्थान पर थी, बसपा दूसरे स्थान पर। लेकिन चुनाव परिणाम चौंकाने वाले आए थे। लोकसभा चुनाव में बसपा को सपा से दोगुनी सीटें आईं। अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

कांग्रेस और AAP पार्टी पर क्या बोले सीएम?

प्रियंका गांधी के चुनाव प्रचार पर सीएम योगी ने कहा कि भाई-बहन की जोड़ी को प्रदेश 2014 में खारिज कर चुका है। कांग्रेस को प्रत्याशी नहीं मिल पा रहे हैं। केजरीवाल की यूपी में एंट्री पर सीएम योगी ने कहा कि हमने लोगों को फ्री कुछ भी नहीं दिया। कोरोना के दौरान ऑनलाइन पाठ्यक्रम के लिए हमने छात्रों के लिए टैबलेट की व्यवस्था की। कोरोना कालखंड में जीविका बचाने के लिए हमारी सरकार ने मुफ्त राशन की व्यवस्था की। 

चुनाव में 325 से ज्यादी सीटें जीतेंगे

इस सवाल पर कि आगामी विच चुनाव में भाजपा को कितनी सीटों पर जीत मिलेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2022 के चुनाव में BJP 325 से ज्यादा सीटें जीतेगी।  


'कृषि कानूनों को समझाने में कहीं कोई कसर रह गई'

सरकार ने किसान के हित में कृषि कानून बनाए, देश हित में इसे वापस लिया गया है। कानून को लागू करने के तरीके को किसानों तक पहुंचाने में हममें कहीं न कहीं कोई कसर रह गई। 

वंशवादी एवं परिवारवादी लोगों से हम क्या उम्मीद करें-सीएम

वंशवादी एवं परिवारवादी लोगों से हम क्या उम्मीद करें। जिन्होंने अपने परिवार और वंश को छोड़कर किसी का भला नहीं किया, उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। हमें हल्के बयानों को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। मैं सात्विक जीवन में हूं। मेरे लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। कोरोना प्रबंधन देश के मिशन का एक हिस्सा था। कोरोना की लड़ाई देश की लड़ाई थी। कोरोना के खिलाफ देश की लड़ाई में मैंने अपने राजधर्म का पालन किया। यूपी के कोरोना प्रबंधन को डब्ल्यूएचओ एवं नीति आयोग ने सराहा है। 

गंगा में बहती लाशों पर दिया बयान

कोरोना संकट के दौरान गंगा में बहती लाशों के बयान पर विपक्ष को जवाब देते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिसे भारत और भारतीयता की जानकारी नहीं है वे इस प्रकार की टिप्पणी करते रहे हैं। पूरा देश एक -एक व्यक्ति को बचाने की लड़ाई लड़ रहा था तो ये लोग लोगों को गुमराह कर रहे थे, इतिहास इन्हें माफ नहीं करेगा। 

यूपी की जनता ने 'लड़कों' को खारिज कर दिया है-सीएम

जयंत चौधरी औऱ अखिलेश यादव के बीच चुनावी गठबंधन पर सीएम ने कहा कि यूपी की जनता ने 'लड़कों' को खारिज कर दिया है। महागठबंधन को यूपी की जनता ने ठुकरा दिया है। 2014, 2017 औऱ 2019 में अपना फैसला दे चुकी है। यूपी में कोई महागठबंधन नहीं है। 

'2012 से 2017 के बीच करीब 300 दंगे हुए'

पश्चिमी यूपी का नागरिक 2017 से पहले सुरक्षा के भीषण संकट से गुजर रहा था। प्रदेश के अंदर 2012 से 2017 के बीच करीब 300 दंगे हुए। इनमें से ज्यादातर दंगे पश्चिमी यूपी में हुए। पश्चिमी यूपी में स्थितियां विकट थीं। हमारी सरकार आने के बाद सुरक्षा का बेहतर वातावरण बना।  यूपी के लोग सोच रहे हैं कि सत्ता में सपा अगर आ गई तो मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, कोसीकला जैसे दंगों का दौर शुरू हो जाएगा। इन दंगों के समय सरकार की भूमिका दुभाग्यपूर्ण थी। सरकार दंगाइयों के साथ खड़े थी। अब मुजफ्फरनगर जैसे दंगे नहीं हो सकते। सबको मालूम है कि दंगे भड़काने वालों का क्या होगा। सरकार अपने कार्यों के प्रति आश्वस्त है। 

'कंधे पर हाथ रखकर मोदी जी क्या कह रहे थे'

सीएम योगी ने कहा कि देश के यशस्वी एवं लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। वे हमारे अभिभावक और मार्गदर्शक हैं। हर परिस्थिति में उन्होंने समर्थन एवं सहयोग दिया है। पीएम के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा की वजह से कोविड प्रबंधन बेहतर तरीके से कर पाया। पीएम के मार्गदर्शन से परियोजनाओं को सफलतापूर्वक राज्य में किया गया है। विकास के लिए उनका मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणादायी रहा है। मोदी जी के नेतृत्व में एक भारत श्रेष्ठ भारत की संकल्पना साकार हो रही है। 

'साल 2022 में प्रचंड बहुमत से हमारी सरकार बनेगी'

इस सवाल पर कि क्या यूपी में भाजपा की जमीन खिसक तो नहीं रही?  सहारनपुर जाते समय विशेष विमान में सीएम योगी ने कहा कि भाजपा अपने कार्यों से और उपलब्धियों के बल पर जनता का आशीर्वाद प्राप्त करेगी। साल 2022 में प्रचंड बहुमत से हमारी सरकार बनेगी। इसमें कोई संदेह नहीं है। मैने सभी जनपदों का दौरा किया है। सरकार कैसे चलनी है। योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के सभी लोगों को मिला है। बुनियादी विकास में राज्य पांच सालों में तरक्की हुई है। कानून व्यवस्था पिछले पांच सालों में सरकार ने करके दिखाया है। डबल इंजन की सरकार का लाभ राज्य को मिला है। हमारी सरकार ने लोगों की आस्था का सम्मान किया है। लोगों को आवास, शौचालय मिल रहे हैं। जनता को ये सुविधाएं उनके घर तक पहुंच रही हैं। 

विस चुनावों को लेकर सरगर्मियां बढ़ीं
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। सभी राजनीतिक दल अपने चुनावी समीकरण को बिठाते हुए एक दूसरे को घेरने में जुटे हुए हैं। राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच माना जा रहा है। भगवा पार्टी जहां अपने 2017 के प्रदर्शन को दोहराना चाहती है तो सपा छोटे दलों के साथ गठबंधन कर सत्ता में वापसी करना चाहती है।

इस बार दिलचस्प होगा यूपी का चुनाव
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी अपने वोट बैंक के आधार पर सत्ता में वापसी की दावे कर रही है। इस चुनाव में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) भी ताल ठोक रही है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। कुल मिलाकर यूपी में इस बार का विस चुनाव दिलचस्प होने जा रहा है।  

अगली खबर