बलरामपुर रेप केस पर फूटा प्रियंका चोपड़ा का गुस्सा, कहा- 'हमें शर्म से सिर झुका लेना चाहिए '

यूपी के हाथरस और बलरामपुर की घटना से देश के आम आदमी के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्स में भी गुस्सा है। अनुष्का शर्मा के बाद अब प्रियंका चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया है।

Priyanka Chopra
Priyanka Chopra 
मुख्य बातें
  • प्रियंका चोपड़ा ने बलरामपुर की घटना पर गुस्सा जाहिर किया है।
  • प्रियंका चोपड़ा ने इससे पहले हाथरस की घटना पर भी गुस्सा जाहिर किया था।
  • प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा- हमें अपना सिर शर्म से झुका देना चाहिए।

मुंबई. उत्तर प्रदेश के हाथरस और बलरामपुर में हुई रेप की घटना के बाद बॉलीवुड सेलेब्स में भी गुस्सा है। अनुष्का शर्मा के बाद अब प्रियंका चोपड़ा ने भी सोशल मीडिया पर इस घटना पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। 

प्रियंका चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'बलरामपुर से और भी डरावनी खबर आ रही है। हर रेप महज एक नंबर नहीं होता है। उसके पीछे एक परिवार होता है, जिसे इस सदमे के साथ ताउम्र रहना पड़ता है।'

प्रियंका अपने ट्वीट में आगे लिखती हैं- ' हम में से सभी को इस विभत्स और नृशंस घटना के साथ रहना होगा। इसके अलावा हमें अपने सिर शर्म से झुका देना चाहिए। हम सामूहिक तौर से अपनी महिलाओं  के प्रति असफल रहे हैं।' 

हाथरस की घटना पर भी किया ट्वीट 
प्रियंका चोपड़ा ने इससे पहले हाथरस की घटना पर भी ट्वीट कर अपना गुस्सा जाहिर किया था। प्रियंका ने लिखा था- ' ‘मेरे अंदर अपमान, दुर्व्यवहार, निराशा और क्रोध, उदासी और लाचारी जैसी भावनाएं चल रही हैं। नफरत क्यों? 

प्रियंका सवाल उठाते हुए लिखती हैं- 'क्या लड़कों को पाल-पोसकर बड़ा कर रहे माता-पिता सुन रहे हैं? क्या कानून इस चिल्लाहट में बहरा हो गया है? और कितनी निर्भया होंगी? ऐसा कितने साल तक चलता रहेगा?’

अनुष्का शर्मा ने भी किया था पोस्ट 
प्रियंका चोपड़ा से पहले अनुष्का शर्मा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर गुस्सा जाहिर किया था। अनुष्का ने लिखा था- 'मुश्किल से कुछ वक्त ही बीता था कि दुष्कर्म की दूसरी घटना हो गई। ऐसे लोगों के जेहन में डर बचा है क्या?' 

माधुरी दीक्षित और आलिया भट्ट ने भी सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर किया है। माधुरी ने लिखा- 'हाथरस और बलरामपुर की घटनाओं के बारे में सुनकर मेरे पास बोलने के लिए शब्द नहीं हैं। यह वक्त है जो हम बोलते हैं उस पर काम करें ताकि कोई ऐसी घटना का शिकार न बनें।' 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर