Kashmir Tourism: जन्नत से कम नहीं है कश्मीर, जानिए वहां की बेहद खूबसूरत घूमने लायक जगह

लाइफस्टाइल
अबुज़र कमालुद्दीन
अबुज़र कमालुद्दीन | जूनियर रिपोर्टर
Updated Mar 02, 2022 | 12:37 IST

हरे भरे पहाड़, फूलों से भरी वादियांँ, सोनमर्ग की झीलें, पहलगाम की बेताब घाटी, पुलवामा के सेब के बाग और कुपवाड़ा की लोलाब वैली कश्मीर की बेतहाशा और मन मोह लेने वाली सुंदरता का जीता जागता नमूना है। पीर पंजाल रेंज में बसा गुलमर्ग दुनिया के सबसे खूसबुरत हिल स्टेशन में से एक है।

kashmir, kashmir news, kashmir popular cities, kashmir popular things, kashmir top cities, kashmir best places to visit, kashmir visit, kashmir top places to visit, kashmir latest news, kashmir visit, kashmir vacations, kashmir pics
Kashmir Best Places to Visit 
मुख्य बातें
  • कश्मीर की वादियां हर मौसम में घूमने लायक हैं।
  • श्रीनगर के मुगल गार्डन को कोई भी दर्शक मिस नहीं करना चाहता है।
  • गुलमर्ग की बर्फबारी पर्यटकों का मन मोह लेती है।

Kashmir Best Places to Visit: कश्मीर- एक ऐसा शब्द जिसको सुनते ही हमारे दिमाग में ऊंँची पहाड़ियांँ, बर्फ की चादर, ट्युलिप गार्डन, डल झील का शिकारा, कश्मीर के जिंदादिल और मेहमाननवाजी के लिए मश्हूर लोगों का ख़्याल आता है। कश्मीर वादी की सुंदरता की चर्चा दुनिया भर में होती है। धरती का स्वर्ग कहा जाने वाला कश्मीर हमेशा सैलानियों की सबसे पसंदीदा जगह रहा है।

शायर सागर आजमी का एक शेर है,
कश्मीर की वादी में बेपरदा जो निकले हो
क्या आग लगाओगे बर्फीली चट्टानों में

कश्मीर की खूबसूरती को बयान करने के लिए सागर आजमी का यह शेर काफी है। हरे भरे पहाड़, फूलों से भरी वादियांँ, सोनमर्ग की झीलें, पहलगाम की बेताब घाटी, पुलवामा के सेब के बाग और कुपवाड़ा की लोलाब वैली कश्मीर की बेतहाशा और मन मोह लेने वाली सुंदरता का जीता जागता नमूना है।

छुट्टियों का इंतजार हम बड़ी बेसब्री से करते हैं। छुट्टियांँ मनाने के लिए कश्मीर से बेहतर जगह नहीं हो सकती। अगर आप ने कश्मीर जाने का इरादा कर लिया है तो हम आपको वहांँ की कुछ ऐसी जगहों के बारे में बताएंँगे जहांँ आपको जरूर जाना चाहिए।

शिकारा वाला शहर-श्रीनगर

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर मुगलों की पहली पसंद थी। उन्होंने इस शहर को एक बेइंतहा खूबसूरत जगह की सौगात दी और वो है 'मुगल गार्डन'। 1619 ईसवी में बादशाह जहांगीर ने इसे बनवाया था। करीब 4 सौ साल बीत जाने के बाद भी शालीमार बाग की सीढ़ियांँ और उनके दोनों ओर बनी फूलों की क्यारियांँ सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। डल झील हिंदुस्तान की सबसे मश्हूर और खूबसूरत झील है। अगर आप छुट्टियांँ बिताने कश्मीर जा रहे हैं तो आपकी पहली कोशिश होनी चाहिए के आप डल झील के शिकारा होटल में जरूर रुकें। घबरायें नहीं, डल झील पर तैरने वाले ये होटल आपके बजट पर ज्यादा दबाव नहीं डालेंगे। आप इसे पूरे परिवार के लिए भी बुक कर सकते हैं।

अगर आप फरवरी के महीने में कश्मीर जाएंँगे तो दुनिया भर में मश्हूर ट्युलिप गार्डन का भी दीदार कर पाएंँगे। डल झील के किनारे ही है निशात गार्डन। आपको श्रीनगर में बाडमवरी गार्डन को भी मिस नहीं करना चाहिए। डल झील के नजदीक पहाड़ की ऊंँचाइयों पर है 'परी महल'। इस महल के अंदर ही सात सीढ़ीदार बगीचे हैं।

बॉलीवुड स्टार्स की पहली पसंद 'गुलमर्ग'

पीर पंजाल रेंज में बसा गुलमर्ग दुनिया के सबसे खूसबुरत हिल स्टेशन में से एक है। गुलमर्ग बॉलीवुड सितारों को हमेशा अपनी ओर खींचता रहा है। 90 के दशक में कई फिल्मों की शूटिंग यहांँ हो चुकी है। भारत में नवविवाहित जोड़े गुलमर्ग जाना बहुत पसंद करते हैं। सर्दियों के मौसम में गुलमर्ग बर्फ की चादर से ढका रहता है। वहीं अप्रैल से लेकर अक्टुबर के महीने तक यहांँ बड़ी ही खूबसुरत हरियाली होती है। पर्यटक यहांँ स्कीइंग, माउंटेन बाइकिंग, ट्रेकिंग, आइस स्केटिंग और गंडोला राइड के लिए आते हैं। गुलमर्ग में ही इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्कीइंग एंड माउंटेनियरिंग है।

झीलों वाला हिल स्टेशन 'सोनमर्ग'

गंधवाल जिले का एक छोटा सा कस्बा सोनमर्ग रिवर राफ्टिंग के लिए मशहूर है। सोनमर्ग में भी कई तरह के ट्रेकिंग के स्पॉट हैं। इस छोटे से इलाके में कई झील हैं। इस वजह से इसे झीलों का शहर भी कहा जाता है। यहांँ गद्सर झील, सतसर झील, गंगावल झील, कृष्णासर झील, विशनसर झील है। अगर आप सोनमर्ग में बर्फबारी का मजा लेना चाहते हैं तो नवंबर से अप्रैल के बीच यहांँ जा सकते हैं।

पहलगाम- अमरनाथ यात्रा का पहला पड़ाव

पहलगाम अमरनाथ की यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए बहुत खास है। पहलगाम से ही अमरनाथ की यात्रा शुरू होती है। श्रीनगर से 95 किलोमीटर की दूरी पर स्थित यह इलाका भी अपने अंदर प्रकृति की गजब की खूबसूरताी समेटे हुए है। यह जगह पारंपरिक कश्मीरी सामानों की खरीदारी के लीए मशहूर है। यहांँ की बेताब घाटी गर्मी के मौसम में देखने लायक होती है। कश्मीर की सबसे खास चीज केसर की भी खेती पहलगाम में खूब होती है।

पुलवामा वाया पटनीटॉप, दाचीगाम

कश्मीर में एक जगह है जिसे 'राइस बाउल ऑफ कश्मीर' के नाम से जाना जाता है और वो जगह है पुलवामा। इसकी सबसे बड़ी वजह है कि यहांँ कश्मीरी चावल की खेती खूब बोती है। पुलवामा या उसके आसपास की सड़क से जब आप गुज़र रहे होंगे तो आपको सेब के कई बाग और घाटियांँ दिखेंगी। पुलवामा के आसपास कई प्रसिद्ध मंदिर भी हैं। वहीं श्रीनगर से करीब 165 किलोमीटर की दूरी पर है पटनीटॉप। यह जगह पैराग्लाइडिंग के लिए जानी जाती है। श्रीनगर से 22 किलोमीटर की दूरी पर है दाचीगाम राष्ट्रीय उद्यान। यह 141 वर्ग किलोमीटर में फैला भारत का सबसे ऊंँचा राष्ट्रीय उद्यान है। पुराने समय में राजा-महाराजा यहांँ शिकार के लिए आते थे। वहीं कुपवाड़ा श्रीनगर से 90 किलोमीटर दूर है। कश्मीर के आकर्षण का केंद्र लोलाब वैली कुपवाड़ा में ही है।

हिंदुओं का प्रमुख तीर्थ स्थल 'अमरनाथ'

अमरनाथ वो जगह है जहांँ बाबा बर्फानी की गुफा है। श्रीनगर से 145 किलोमीचर दूर यह हिंदुओं का प्रमुख तीर्थ स्थल है। अमरनाथ की गुफा में शिवलिंग की उत्पत्ति खुद हुई थी और इसे अमरेश्वर के नाम से भी जाना जाता है। गुफा की चौड़ाई 100 फुट और लम्बाई करीब 160 फुट है। अपने अमर होने का रहस्य भगवान शिव ने मांँ पार्वती को इसी गुफा में बताया था। जून से लेकर अगस्त के महीने के बीच अमरनाथ यात्रा होती है।

हमने आपको कश्मीर जाने की कई वजह बता दी है। कश्मीर पहुंँचना भी बेहद आसान है। आप अगर हवाई सफर से जाना चाहते हैं तो सीधा श्रीनगर एयरपोर्ट जा सकते हैं। ट्रेन से जाने के लिए आपको पहले जम्मू तक की यात्रा करनी होगी। वहांँ से आप शेयरिंग कैब या बस से सफर कर सकते हैं। तो जल्दी से आप अपना कश्मीर ट्रिप प्लान कीजिए और हमें जरूर बताइएगा कि आपको धरती का ये स्वर्ग कैसा लगा?

अगली खबर