अजब: एक्सप्रेसवे के रास्ते में आ रहा था 1.5 करोड़ का घर, जुगाड़ टेक्नोलॉजी से उठाकर करवा दिया 500 फीट पीछे

वायरल
आदित्य साहू
Updated Aug 21, 2022 | 12:26 IST

Farmer Shift House: किसान का दोमंजिला मकान दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के रास्ते में आ रहा था। इसके बाद किसान ने अपने घर को उसके वास्तविक स्थान से 500 फीट पीछे शिफ्ट करवाने की योजना बनाई।

HOUSE
घर को करवाया शिफ्ट  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • किसान ने बनवाया था 1.5 करोड़ का आलीशान मकान
  • पंजाब के संगरूर में स्थित दोमंजिला आलीशान मकान
  • दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के रास्ते में आ रहा था घर

Farmer Shift House: भारत में जुगाड़ टेक्नोलॉजी बहुत ही ज्यादा काम करती है। आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि पंजाब में एक किसान ने अपने 1.5 करोड़ के घर को जुगाड़ टेक्नोलॉजी का सहारा लेकर उसकी जगह से आधा किलोमीटर दूर शिफ्ट करा दिया। है न कमाल की बात! यह सोचकर ही कमाल लगता है कि कैसे कोई दो-मंजिला घर को एक जगह से दूसरी जगह खिसका सकता है। लेकिन पंजाब के संगरूर इलाके के रोशनवाला गांव के रहने वाले इस किसान ऐसा कर दिखाया है।

दरअसल, इस किसान का दोमंजिला मकान दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के रास्ते में आ रहा था। इसके बाद किसान ने अपने घर को उसके वास्तविक स्थान से 500 फीट पीछे शिफ्ट करवाने की योजना बनाई। न्यूज एजेंसी एएनआई ने इसका वीडियो अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। घर के मालिक सुखविंदर सिंह सुखी हैं। जिन्होंने साल 2017 में अपने घर को बनवाना शुरू किया था।

किसान ने करवाया अजब काम

सुखविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने डेढ़ करोड़ रुपये लगवाकर दो साल में अपने सपनों का आशियाना तैयार करवाया था। अब जबकि उनका घर एक्सप्रेसवे के रास्ते में आ रहा था, तो इसका टूटना उनके सपने के टूटने जैसा था। इसके बाद उन्होंने अपने सपने के आशियाने को स्थानांतरित करने की योजना बनाई। किसान ने बताया कि उन्हें घर का मुआवजा भी मिल रहा था। हालांकि वह दूसरा घर नहीं बनाना चाहते थे। उन्होंने कहा कि इस मकान को बनाने में उन्होंने जो मेहनत की थी और उससे जो लगाव हो गया था। उसे वह ऐसे ही नहीं जाने दे सकते थे।

इसके बाद उन्होंने अपने घर पीछे शिफ्ट कराने की योजना बनाई। सुखविंदर सिंह ने बताया कि इस योजना में 50 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। बता दें कि सुखविंदर सिंंह ने अपने घर को शिफ्ट करने के लिए लिफ्टिंग टेक्नोलॉजी (Lifting Technology) का इस्तेमाल किया। अभी तक उन्होंने अपने घर को 250 फीट से भी ज्यादा शिफ्ट भी कर लिया है। ऐसा करने में कारीगरों को 2 महीने का समय लग चुका है। यह घर अभी 250 फीट और शिफ्ट होना है। इसके बाद घर को दूसरी तरफ 60 फीट तक मोड़ा जाएगा। हर रोज घर को 10 फीट शिफ्ट किया जाता है।

अगली खबर