Taliban : 90 दिनों में काबुल को अपने अधीन कर सकता है तालिबान, अमेरिकी अधिकारी की आशंका

Afghanistan News : अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का मानना है कि तालिबान अगले 30 दिनों में राजधानी काबुल को अलग-थलग कर सकता है और 90 दिनों में इस पर अपना नियंत्रण कर सकता है।

Taliban could isolate Afghanistan's capital Kabul in 30 days : Report
प्रांतीय राजधानियों पर तालिबान का हो रहा कब्जा। 
मुख्य बातें
  • अफगानिस्तान में तालिबान और अफगान सुरक्षाबलों के बीच जारी संघर्ष और भीषण हो गया है
  • अमेरिकी खुफिया एजेंसियों का कहना है कि काबुल पर 90 दिन में कब्जा कर सकता है तालिबान
  • देश में तालिबान की बढ़त को देखते हुए अफगान शीर्ष सैन्य नेतृत्व में कई बदलाव हुए हैं

काबुल : अफगानिस्तान में हालात तेजी से खराब हो रहे हैं। इसका इशारा अमेरिका खुफिया एजेंसियों ने अपने ताजा आंकलन में किया है। अमेरिका के एक रक्षा अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा है कि खुफिया एजेंसियों का मानना है कि तालिबान अगले 30 दिनों में राजधानी काबुल को अलग-थलग कर सकता है और 90 दिनों में इस पर अपना नियंत्रण कर सकता है। इसके पहले अमरिकी खुफिया एजेंसियों ने अपने आंकलन में कहा था कि काबुल को अपने अधीन लेने में तालिबान को छह महीने लग सकते हैं।  

अब तक नौ प्रांतीय राजधानियों पर तालिबान कब्जा कर चुका है
अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक तालिबान शुक्रवार तक देश की नौ प्रांतीय राजधानियों-फैजाबाद, फराह, पुल-ए-खुमरी, सर-ए-पुर, शेबेरघान, आयबाक, कुंदुज, तालुकान एवं जरंज पर कब्जा कर चुका है। मई महीने के बाद से तालिबान अफगानिस्तान के इलाकों पर अपना नियंत्रण करना शुरू किया। अब तक देश के बड़े भूभाग पर उसका नियंत्रण हो चुका है। मई महीने से अमेरिका और नाटो बलों की वापसी होनी शुरू हुई और अब तक 90 फीसदी से ज्यादा अमेरिकी एवं विदेशी बल अफगानिस्तान छोड़कर जा चुके हैं।

अफगान सैन्य नेतृत्व में हुए बदलाव
रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में तालिबान की बढ़त को देखते हुए अफगान सैन्य नेतृत्व में कई बदलाव हुए हैं। जनरल हैबतुल्लाह अलीजई को जनरल वली अहमदजई की जगह सेना की चीफ ऑफ स्टॉफ बनाया गया है। जबकि सामी सादत को स्पेशल ऑपरेशंस कोर का कमांडर नियुक्त किया गया है। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक देश में तालिबान और अफगान सुरक्षाबलों के बीच संघर्ष तेज हो गया है। 

दूसरे सबसे बड़े शहर कंधार में लड़ाई तेज हुई
कंधार में तालिबान लड़ाकों एवं सुरक्षाबलों के बीच टकराव काफी बढ़ गया है। यहां एक महिला, बच्चे, पुलिस सहित कम से कम 47 लोगों कंधार के मीरवाइज अस्पताल लाया गया। ये लोग घायल हैं या इनकी जान गई है, अस्पताल ने इस बारे में ब्योरा नहीं दिया है। लोगों का कहना है कि तालिबान से लड़ाई देश के दूसरे सबसे बड़े शहर के अस्पताल तक पहुंच गई है। तालिबान लड़ाके इस शहर को अपने नियंत्रण में लेना चाहते हैं।  अफगानिस्तान की आबादी करीब 3.8 करोड़ है। देश में 34 राज्य और 421 जिले हैं। 

अगली खबर