दूरदर्शन के बाद 'कलर्स' पर शुरू हुई बीआर चोपड़ा की महाभारत, जानिए प्रसारण का समय

Mahabharat on colors: दूरदर्शन पर टीआरपी के नए कीर्तिमान रचने के बाद बीआर चोपड़ा की महाभारत का प्रसारण अब कलर्स चैनल पर भी प्रारंभ हो गया है।

Nitish Bhardwaj In Mahabharat
Nitish Bhardwaj In Mahabharat 

Mahabharat on colors: दूरदर्शन पर टीआरपी के नए कीर्तिमान रचने के बाद रामानंद सागर की रामायण और बीआर चोपड़ा की महाभारत का प्रसारण अब निजी चैनलों ने भी शुरू कर दिया है। कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के ल‍िए लगाए गए लॉकडाउन की अवधि 17 मई तक है, ऐसे में प्राइवेट चैनल भी टीआरपी की रेस में धाक जमाना चाहते हैं। 

एक तरफ रामायण का प्रसारण स्‍टार प्‍लस पर 4 मई से शुरू हो गया है, वहीं लोकप्रिय धारावाहिक महाभारत का प्रसारण कलर्स चैनल पर शुरू हो गया है। चैनल ने रविवार को ट्वीट करके समय के बारे में बताया- तैयार हो जाइए एक बार फिर देखने के लिए महाभारत की अनोखी कहानी, कल से हर दिन शाम 7 बजे सिर्फ़ कलर्स पर। दूरदर्शन पर जो दर्शक महाभारत नहीं देख पाए, उनके पास एक बार फ‍िर मौका है।

बता दें कि 1988 से 1990 तक प्रसारित हुए महाभारत को अभी भी दर्शकों का भरपूर प्‍यार मिल रहा है। इस सीरियल में 'भगवान कृष्ण' का रोल न‍िभाया था नीतीश भारद्वाज ने। इस सीरियल की बदौलत नीतीश भारद्वाज को जबरदस्‍त लोकप्रियता मिली। उन्‍हें लोग असल में भगवान कृष्‍ण समझने लगे थे। वहीं गजेंद्र चौहान को युधिष्ठिर का रोल मिला था।

यूजर्स की मांग के बाद पुन: प्रसारण
बता दें कि पूरा विश्‍व कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में है। भारत में एहतियात के तौर पर लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन की शुरुआत में ही ट्विटर पर यूजर्स ने रामायण और महाभारत के पुन: प्रसारण की मांग की थी जिसे सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मान लिया था।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर